रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3120 के ओर से रोटरी क्लब वाराणसी डाउनटाउन की मेजबानी में समर्पण - ए जॉय ऑफ गिविंग फाउंडेशन सेमिनार रविवार को जगतपुर में हुआ। सेमिनार में वरिष्ठ पदाधिकारियों, दानदाताओं और विभिन्न क्लबों के प्रतिनिधियों ने समाजसेवा के कार्यों को नई गति देने का संकल्प लिया।
रोटरी इंटरनेशनल डायरेक्टर केपी नागेश ने रोटरी फाउंडेशन को सेवा पहलों की मुख्य प्रेरक शक्ति बताया। उन्होंने सदस्यों से अपनी उदारता को समाज में स्थायी बदलाव का माध्यम बनाने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि हिमानी चावड़ा ने खुशहाल और सकारात्मक जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच आंतरिक शक्ति देती है और आसपास के लोगों में भी नई ऊर्जा का संचार करती है। रोटरी रीजनल फाउंडेशन कोऑर्डिनेटर प्रमोद कुमार ने फाउंडेशन की कार्यप्रणाली और वैश्विक अनुदान परियोजनाओं पर विस्तार से बताया। असिस्टेंट रोटरी रीजनल फाउंडेशन कोऑर्डिनेटर मिथिलेश झा ने फाउंडेशन के आगामी लक्ष्यों और सेवा कार्यों के विस्तार पर मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम के चेयरमैन पी. के. अग्रवाल ने मेज़बानी के लिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पूनम गुलाटी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सेमिनार के सत्रों से प्राप्त अनुभव क्लबों को समाजहित में अधिक सशक्त बनाएंगे। समारोह के दौरान रोटरी फाउंडेशन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले दानदाताओं को सम्मानित किया गया। इनमें आच क्लम्फ सोसाइटी के सदस्य, मेजर डोनस और एंडोमेंट डोनस शामिल थे।