वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन पर रेलवे प्रशासन की मनमानी से रविवार को एकबारगी फिर यात्रियों के लिए मुसीबत खड़ी हो गई। इंदौर-पटना एक्सप्रेस का प्लेटफार्म अचानक बदले जाने से यात्रियों में अफरातफरी मच गई।
बैग और सामान लेकर दौड़भाग में कई यात्री घायल हो गए। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्ग यात्रियों को सर्वाधिक मुसीबत झेलनी पड़ी। दरअसल, रविवार की शाम पांच बजे इंदौर-पटना एक्सप्रेस के प्लेटफार्म नंबर चार पर आने की सूचना थी।
इस ट्रेन से जाने वाले यात्री प्लेटफार्म नंबर चार पर मौजूद थे। अचानक एनाउंस शुरू हो गया कि इंदौर-पटना प्लेटफार्म नंबर आठ पर खड़ी है। यह सुनते ही यात्रियों को होश उड़ गए।
लोग बैग और सामान लेकर दौड़ने लगे। भागते हुए लोग प्लेटफार्म नंबर आठ पर पहुंचे। इस बीच कई लोग घायल हो गए। दौड़भाग से बेहाल यात्री रेल प्रशासन को कोसते नजर आए।
पानी न होने पर यात्रियों ने किया हंगामा
कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर पांच पर रविवार की शाम छह बजे आई ताप्ती गंगा एक्सप्रेस के यात्रियों ने हंगामा किया। उनकी शिकायत थी कि कई बार सूचना देने के बाद भी ट्रेन में पानी नही भरा जा सका है। ट्रेन में पानी भरे जाने के बाद यात्रियों का गुस्सा शांत हुआ और ट्रेन रवाना हो गई।