पिंडरा। मीराशाह मोड़ पर बुधवार की दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई जब नोट फेंक कर कोरोना वायरस का संक्रमण फैलाने के आरोप में एक धर्मगुरु की पिटाई कर दी गई। सूचना पाकर फूलपुर थाने की पुलिस ने डॉक्टर को बुला कर धर्मगुरु की जांच कराई और फिर उसे घर भेज दिया। इसके साथ ही पुलिस ने लोगों को अफवाह न फैलाने की चेतावनी दी।
फूलपुर थाना क्षेत्र स्थित एक धार्मिक स्थल का धर्मगुरु बिहार के मधेपुरा का रहने वाला है। बुधवार को वह अपनी मां के पास पैसा भेजने के लिए बैंक गया था। बैंक में बताया गया कि ग्रीन कार्ड से पैसा ट्रांसफर नहीं हो पाएगा। इस पर वह मायूस होकर वापस लौट रहा था। मीराशाह मोड़ पर एक सहज जन सेवा केंद्र खुला दिखा।
वह सहज जन सेवा केंद्र से 2000 रुपये ट्रांसफर करने को कहा तो संचालक ने उससे 50 रुपये अतिरिक्त चार्ज मांगा। धर्मगुरु अतिरिक्त चार्ज देने से इनकार कर अपनी साइकिल से जाने लगा। इसी बीच उसने देखा कि साइकिल के नीचे 10 रुपये का एक नोट गिरा था तो उसे उठाकर समीप के चबूतरे पर रख दिया।
यह सब थोड़ी दूर बैठ कर लूडो खेल रहे लोगों ने देखा तो उसके पास आकर बोले कि तुम नोट के माध्यम से कोरोना वायरस का संक्रमण फैला रहे हो और इसके साथ ही उसे सभी पीटने लगे। इसकी सूचना कुछ लोगों ने दी तो पुलिस मौके पर पहुंची और धर्मगुरु को फूलपुर थाने ले गई। धर्मगुरु ने पुलिस को हकीकत बताई तो तसल्ली के लिए डॉक्टर बुलाकर उसकी जांच कराई गई और फिर उसे घर भेज दिया गया।