जेब से गायब हो गए एक लाख, साथ में थे सुरक्षाकर्मी
- फोटो : demo
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में भोजपुरी अभिनेता विनय आनंद की टीम के एक सदस्य की जेब कट गई। रुपयों से भरा बैग उचक्कों ने मंदिर परिसर से ही उड़ा दिया। मंदिर में दर्शन पूजन के दौरान ही अभिनेता के साथी अखिलेश सिंह का लगभग एक लाख रुपये से भरा पर्स जेब से गायब हो गया।
अखिलेश महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री के रिश्तेदार भी बताए जा रहे हैं। सबसे बड़ी बात है कि बाबा के दर्शन पूजन के दौरान टीम के सदस्यों के साथ सुरक्षाकर्मी भी थे। फिर भी ऐसी वारदात हुई।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में सुरक्षा के बाद भी उचक्कागिरी थमने का नाम नहीं ले रही है। त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बाद भी आए दिन दर्शनार्थियों के पर्स चोरी, चेन स्नैचिंग की घटनाएं होती रहती हैं।
भोजपुरी व हिंदी फिल्मों के मशहूर अभिनेता विनय आंनद सात सदस्यीय टीम के साथ सोमवार की सुबह बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने पहुंचे थे। 11.30 बजे बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने के बाद मां अन्नपूर्णा का दर्शन कर सभी लोग बाहर निकले तो पता चला कि उनका पर्स किसी ने गायब कर दिया है।
अखिलेश ने बताया कि उनके पर्स में लगभग एक लाख रुपये और कार्ड भी थे। विनय आंनद अभिनेत्री शिविका दीवान और निर्देशक रवि सिकंदर के साथ जौनपुर महोत्सव में शामिल होने आए थे। सीओ संजय चौधरी ने बताया कि घटना की जानकारी मिली थी लेकिन पीड़ित पक्ष की तरफ से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।