हादसे की खबर लगते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया।
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के भदोही जिले में शुक्रवार को नौटंकी कलाकारों से भरी एक पिकअप वाहन पलटने से दो कालाकारों की मौत हो गई। इस हादसे में 12 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चीख पुकार सुनकर आस-पास के पहुंचे लोगो ने किसी तरह घायलों को उपचार हेतु जिला अस्पताल पहुंचाया।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। हादसे की खबर लगते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। ज्ञानपुर कोतवाली क्षेत्र के मल्लूपुर गांव के एक वैवाहिक कार्यक्रम में नौटंकी कलाकार आए थे।
गुरुवार रात में कार्यक्रम करने के बाद शुक्रवार सुबह कलाकार पिकअप वाहन से लौट रहे थे। असनांव मोड़ के पास तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें इलाहाबाद के हंडिया थानाक्षेत्र के निभीथरिया उतरांव निवासी भोला गौतम (40) और राजकुमार (38) की मौके पर ही मौत हो गई।
पिकअप में सवार 12 लोग घायल हो गए। पिकअप पलटते ही चीख-पुकार शुरू हो गई। आसपास के लोगों ने पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल ज्ञानपुर भेज दिया। सूचना पर पहुंची असनांव चौकी पुलिस ने दोनों शवो को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतकों व घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए थे।