प्राथमिक तौर पर पकड़ी गई तीन करोड़ रुपये की कर चोरी
वाणिज्य कर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा ने वाराणसी के लोहता स्थित एक ही परिवार के तीन व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापेमारी की। लगभग चार घंटे तक चली जांच की कार्रवाई में प्राथमिक तौर पर लगभग तीन करोड़ रुपये की कर चोरी का मामला सामने आया।
इसमें 15.30 लाख का जुर्माना मौके पर जमा कराया गया। अभिलेखों की विस्तृत जांच के बाद वास्तविक कर चोरी तथा कर निर्धारण की कार्रवाई की जाएगी।एडिशनल कमिश्नर वाणिज्य कर केके वर्मा ने बताया कि लोहता वाराणसी में तीन सगे भाइयों बुधीराम मौर्या, सुधीराम मौर्या तथा अभिराम मौर्या ने अपने पारिवारिक सदस्यों के नाम से साड़ी के कारोबार के लिये कुल नौ फर्मों का संचालन किया जा रहा था।
नियमित रूप से कर नहीं जमा किया जा रहा था। अत: ज्वाइंट कमिश्नर वाणिज्यकर एसएन पांडेय को जांच टीम गठित करने व जांच कराने का निर्देश दिया गया। जांच के लिए आनंद कुमार राय तथा परमानंद डिप्टी कमिश्नर के नेतृत्च में तीन जांच टीमें गठित कर तीनों परिसर में दोपहर दो बजे से एक साथ जांच की कार्रवाई शुरू की गई जो शाम को लगभग छह बजे समाप्त हुई। जांच के दौरान व्यापारी द्वारा अभिलेखों से स्टॉक का मिलान नहीं कराया जा सका। अत: मौके पर टीम ने 15.30 लाख जुर्माना जमा कराया।