न किसी ने सुनी फायरिंग की आवाज और न किसी को देखा गोली चलाते हुए
- फोटो : अमर उजाला
बनारस में आए दिन अपराधी आसानी से वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। बुधवार की रात भेलूपुर थाना क्षेत्र के संकुलधारा पुलिस बूथ के पास साइकिल सवार को गोली मार दी गई तो वहीं गुरुवार की रात जगतगंज स्थित फोटोस्टेट दुकान के संचालक सतीश राय (40) को गोली मार कर बदमाशों ने हत्या कर दी। हालांकि भीड़ से भरे चौराहे पर मौजूद लोगों में से न तो किसी को गोली मारते देखा और न फायरिंग की आवाज सुनी।
इसे लेकर आशंका जताई गई है कि बदमाशों ने साइलेंसर का इस्तेमाल कर सतीश की हत्या की है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाल कर वारदात की तह तक जाने में जुटी थी। चर्चा रही कि वारदात के बाद दो लोग पैदल ही भागते हुए देखे गए हैं।
सिगरा थाना अंतर्गत शिवपुरवा क्षेत्र की निराला नगर निवासी सतीश राय जगतगंज में फोटोस्टेट की दुकान संचालित करते थे। बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में मौजूद सतीश के करीबियों के अनुसार वो गाजीपुर जिले के रेवतीपुर के मूल निवासी थे और बीएचयू में उनके चाचा डीसी राय प्रोफेसर हैं।
बताया जाता है कि रात सवा नौ बजे के लगभग अपने भाई के साथ सतीश दुकान पर मौजूद थे। उनके भाई ने देखा कि अचानक सतीश जमीन पर गिर पड़े हैं और उनके बाएं कंधे से खून बह रहा है। आननफानन में सतीश को मलदहिया स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी हालत गंभीर देख कर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों ने सतीश को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार सतीश के बाएं कंधे में गोली मारी गई है। परिजनों के अनुसार सतीश की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। इस संबंध में सीओ चेतगंज अंकिता सिंह ने सतीश के परिजनों और करीबियों से पूछताछ कर वारदात की वजह पता लगाई जा रही है।