सारनाथ। छाहीं स्थित एक पेट्रोल पंप पर मिलावटी पेट्रोल देने का आरोप लगाते हुए लोगों ने मंगलवार को हंगामा किया। विरोध को देखते हुए कर्मी व संचालक पंप बंद कर फरार हो गए।
सारनाथ- मुनारी मुख्य मार्ग पर छाहीं के पास स्थित इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप पर घुरहूपुर निवासी अजय व सूरज ने बाइक में तेल भरवाया। दोनों का आरोप है कि 220 का पेट्रोल भरवाया था, जो पेट्रोल पंप से महज एक किलोमीटर दूर जाने के बाद बाइक बंद हो गई। मोटरसाइकिल से पेट्रोल को निकाल कर देखा गया तो उसमें केरोसिन की महक आ रही थी। शिकायत करने पहुंचे तो पेट्रोल पंप कर्मियों ने दोनों बाइक से पेट्रोल निकालकर एक कमरे के अंदर से बोतल में रखे पेट्रोल लाकर बाइक में डाल दिया। वहीं क्षेत्रीय लोगों का आरोप रहा कि जब से यह पेट्रोल पंप खुला है तब से यहां पेट्रोल में मिलावट की शिकायतें अधिक रहती है। वही पेट्रोल पंप संचालक आनंद मौर्या ने बताया कि हंगामा के कारण पेट्रोल पंप बंद करना पड़ा। कर्मचारियों से जानकारी मिली कि पेट्रोल के टैंक में डीजल का रिसाव हो रहा है। जिससे पेट्रोल में डीजल मिल जा रही है। इसकी सूचना इंडियन ऑयल के अधिकारियों को दे दी गई है।