अब श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर परिक्षेत्र में गंदगी की वजह से लोगों को दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। श्रीकाशी विश्वनाथ विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद से जुड़े इलाकों में विशेष सफाई अभियान शुरू किया जाएगा। यहां सफाई के साथ-साथ परफ्यूम छिड़कवाने का भी इंतजाम किया गया है।
विकास परिषद ने गाजियाबाद की क्लीन एंड सिक्योर मैनेजमेंट कंसल्टेंसी को यह जिम्मा सौंपा है। इसमें ललिता घाट, मणिकर्णिका घाट सहित अन्य मार्गो पर परफ्यूम का छिड़काव किया जाएगा। इससे मंदिर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को अच्छी अनुभूति होगी। इससे जुड़ा एक एप भी शुरू किया जाएगा।
काशी विश्वनाथ मंदिर के आसपास संकरी गलियों के चलते सफाई व्यवस्था बहुत संतोषजनक नहीं हो पाती थी। ऐसे में श्री काशी विश्वनाथ विशिष्ट क्षेत्र परिषद के क्षेत्र में आने वाले 15 मोहल्लों की गलियों में सफाई के लिए विशेष व्यवस्था बनाई गई है।
दिन में तीन बार पूरे क्षेत्र की सफाई होगी और मार्गो पर लेमन ग्रास परफ्यूम का छिड़काव होगा।इसमें परिषद की ओर से कंपनी को प्रतिमाह 75 लाख रुपये का भुगतान किया जाएगा। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने बताया कि 17 सितंबर से नई व्यवस्था की शुरू की जा रही है।