मुख्यमंत्री योगी 10 मार्च को सपा पर बुलडोजर चलाना चाहते हैं, लेकिन नतीजों के बाद जनता बीजेपी पर बुलडोजर चलाएगी। जिसके बाद समाजवादी पार्टी की सरकार बनने के साथ अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरणमय नंदा ने सोमवार को मैदागिन स्थित पराड़कर स्मृति भवन में बताया कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी संग तीन मार्च को सभा करेंगे।
किरणमय नंदा ने बताया कि दो मार्च को ममता बनर्जी वाराणसी आएंगी। अखिलेश यादव संग तीन मार्च को चांदमारी रिंग रोड के समीप ग्राम सभा ऐढे़ में जनसभा को संबोधित करेंगी। ममता बनर्जी काशी विश्वनाथ के दर्शन भी करेंगी। उन्होंने बताया कि डबल इंजन की सरकार जनता से झूठे वादे और जुमलेबाजी करती है। जिसे जनता सबक सिखाएगी। पांचवें चरण में ही सपा गठबंधन ने बहुमत हासिल कर ली है। अब सपा की सरकार बनना तय है। भाजपा सरकार में महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी बढ़ी है। किसान और युवाओं में काफी नाराजगी है। बताया कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र की आठों सीटों पर सपा की जीत होगी। प्रेसवार्ता में युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास यादव, जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ के साथ समाजवादी पार्टी से अमित यादव, तनुज पांडेय, पवन यादव और गौतम केशरी मौजूद रहे।