गया से चेन्नई जा रही एगमोर एक्सप्रेस ट्रेन की एक बोगी में रविवार की सुबह धुआं उठने पर अफरातफरी मच गई। पहाड़ा स्टेशन से आगे और मिर्जापुर से पहले ट्रेन रुकते ही यात्री उतर गए। गाड़ी परीक्षक ने जांच की लेकिन धुआं उठने के कारणों का पता नहीं चला। 12 मिनट बाद ट्रेन रवाना कर दी गई।
विज्ञापन
एगमोर एक्सप्रेस ट्रेन(12389) रविवार सुबह गया से चेन्नई जा रही थी। पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेलवे स्टेशन पर रुकने के बाद यह प्रयागराज के लिए रवाना हुई थी। मिर्जापुर में उसका स्टापेज नहीं है। लेकिन, मिर्जापुर से पहले पहाड़ा स्टेशन से आगे बढ़ते ही किसी ने शिकायत की कि ट्रेन की एक बोगी से धुआं उठ रहा है।
इसके बाद सुबह 10 बजकर 35 मिनट पर ट्रेन को मिर्जापुर स्टेशन से पहले बरौधा पुल के नीचे रोक दिया गया। इसके बाद यात्री ट्रेन से उतर गए। इसके बाद गाड़ी परीक्षक ने बोगी की जांच की। लेकिन, धुआं निकलने के कारणों का पता नहीं लगा।
प्रभारी स्टेशन अधीक्षक और यातायात निरीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि धुआं निकलने की शिकायत पर ट्रेन को रोका गया था। जांच में सब कुछ सही पाए जाने पर ट्रेन रवाना कर दी गई।