सरकार की ओर से प्रति यूनिट निशुल्क 5 किलो चावल और प्रति कार्ड 1 किलो चना बांटने की शुरुआत शुक्रवार से हो गई। शहर से लेकर देहात तक की कोटे की दुकानों पर राशन लेने के लिए लोग पहुंच रहे हैं। वाराणसी के सुंदरपुर के प्रज्ञानगर में राशन की दुकान पर धूप से बचने के लिए झोले की लाइन लगाकर सामाजिक दूरी का पालन किया जा रहा है।
सुंदरपुर के विनोद कुमार ने बताया कि धूप और सामाजिक दूरी का पालन करने के लिए अपना झोला रख दिए हैं। जिसका नंबर आ रहा है, वह जाकर अपना राशन ले रहा है। जिला आपूर्ति अधिकारी दीपक वार्ष्णेय ने बताया कि सभी दुकानदारों को सामाजिक दूरी का कड़ाई से पालन कराने को कहा गया।
इसके लिए नोडल अधिकारी तैनात किया है। कई दुकानों पर हाथ धोने की व्यवस्था और सैनिटाइजर रखा गया है। शहर के लंका, सुदामापुर, पांडेपुर, सरैया, भोजूबीर, चेतगंज, चौक, कज्जाकपुरा, कचहरी आदि इलाकों में कोटे की दुकानों से अनाज दिया जा रहा है। इस दौरान पुलिस की गाड़ी लगातार चक्रमण कर रही थी वहां ड्यूटी पर तैनात सिपाहियों से फीडबैक लिया जा रहा था।
पैसा मांगे कोटेदार तो इन नंबरों पर करें शिकायत
राशन की दुकान पर यदि कोई कोटेदार राशन देने में आनाकानी करे या फिर चावल का मूल्य मांगे तो तत्काल टोल फ्री नंबर 18001800150 पर शिकायत दर्ज कराएं। इनके अलावा कोविड-19 वार रूम 1077 व विभाग के फोन नंबर 0542 2221939 पर शिकायत दर्ज कराएं।