अमर उजाला बोनस और पेंशन फंड निधि विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) के संयुक्त सहयोग से चल रही एनपीएस पेंशन यात्रा शनिवार को वाराणसी पहुंची। यहां इस यात्रा का समापन हुआ। इस वैन को 25 मार्च को भदोही से पूर्वी उत्तर प्रदेश की यात्रा के लिए रवाना किया गया था। बीते 18 दिनों में 17 जिलों का दौरा करने के बाद यह वैन वाराणसी पहुंची।
समापन से पहले वैन को शहर के विभिन्न स्थानों पर घुमाया गया और पेंशन को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। एनपीएस जागरूकता वैन 25 मार्च को भदोही से रवाना होने के बाद मिर्जापुर, विंध्याचल, प्रयागराज, प्रतापगढ़, कुंडा, ऊंचाहार, रायबरेली, लखनऊ, मलिहाबाद, बाराबंकी, अयोध्या, फैजाबाद, सुल्तानपुर, अमेठी, जौनपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, देविया, गाजीपुर, चंदौली होते हुए वाराणसी पहुंची। वैन ने इन जिलों के शहरी इलाकों के साथ ही जिले के ग्रामीण अंचल में घूमकर आम लोगों के बीच पेंशन को लेकर जागरूकता फैलाई।
गाजीपुर में एनपीएस पेंशन यात्रा जागरूकता वैन के माध्यम से विशेष रूप से कृषि एवं उससे जुड़े क्षेत्रों व नैनो इकाइयों, छोटे उद्यमियों और कारीगरों को एनपीएस के बारे में जागरूक किया गया। ऑन-द-स्पॉट एनपीएस खाता खोलने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। एनपीएस पेंशन कैलकुलेटर के जरिये भविष्य की पेंशन का अनुमान बताया गया।
इस जागरूकता अभियान को और प्रभावी व आकर्षक बनाने के लिए वैन में एनपीएस से जुड़े रोचक खेल आयोजित किए गए। सही जवाब देने वाले प्रतिभागियों को उपहार मिले। साथ ही ऑडियो-विजुअल माध्यम से वीडियो, जिंगल्स और प्रेजेंटेशन दिखाए गए।