रोहनिया। रविवार सुबह करीब 10 बजे मोहनसराय में बाइक सवार कांवरिया ने पैदल जल लेकर जा रहे दूसरे कांवरिया को टक्कर मार दी। हादसे में घायल कल्लू निषाद को पुलिस ने बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा, जहां उसकी मौत हो गई। प्रयागराज के करैली निवासी कल्लू निषाद पैदल कांवर लेकर बाबा विश्वनाथ को जल चढ़ाने जा रहा था।
इसी दौरान कपसेठी के सीखड़ी निवासी अंकित प्रजापति जल चढ़ाकर बाइक से घर लौट रहा था। मोहनसराय में उसकी बाइक ने कल्लू को टक्कर मार दी। उसके साथ चल रहे पड़ोसी अंकुर भारती को भी मामूली चोट लगी। उन्होंने बताया कि बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। कल्लू मजदूरी करता था। परिवार में पत्नी सरिता, दो बेटियां और एक बेटा है। वह दो भाइयों में बड़ा था। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।