Varanasi News: परिजनों के अनुसार जगत प्रकाश की दो वर्ष पूर्व ही शादी हुई थी। पति की मौत की सूचना मिलते ही पत्नी नीलू यादव बेसुध हो गईं। अन्य परिजनों का भी बुरा हाल रहा। पुलिस के अनुसार जगत प्रकाश हेलमेट पहने हुए था। ग्रामीणों के अनुसार जिस स्थान पर हादसा हुआ, उस मोड़ के पास अक्सर घटनाएं होती हैं।
वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र के दयापुर गांव के सामने बुधवार की दोपहर बोलेरो वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बाइक सवार युवक अपना दल कमेरावादी के वाराणसी लोकसभा प्रत्याशी गगन यादव का छोटा भाई था। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
विज्ञापन
थाना क्षेत्र के भट्ठी गांव निवासी जगत प्रकाश यादव (35) दोपहर में किसी काम से गंगापुर की तरफ बाइक से जा रहा था। अकेलवा-गंगापुर मार्ग पर दयापुर गांव के सामने पहुंचा था कि विपरित दिशा से आ रहे बोलेरो वाहन से टक्कर हो गई। बाइक पर सवार जगत प्रकाश सड़क पर जा गिरा और अचेत हो गया।
आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना देते हुए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से बीएचयू स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान जगत प्रकाश की मौत हो गई। उधर, हादसे के बाद बोलेरो छोड़कर चालक फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लिया है।
विज्ञापन
अपना दल कमेरावादी के वाराणसी लोकसभा प्रत्याशी गगन प्रकाश यादव के छोटे भाई की मौत की सूचना मिलते ही ट्रॉमा सेंटर में कई नेता और समर्थक पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया। हादसे के तुरंत बाद अकेलवा चौकी इंचार्ज ने जगत प्रकाश को तुरंत ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया और परिजनों को सूचना दी थी।