वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू होने से यात्रियों को मिलेगी सहूलियत।
- फोटो : ANI
मेरठ-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस वाया अयोध्या होकर वाराणसी तक चलेगी। अब मेरठ से वाराणसी का सफर 12 घंटे में पूरा होगा। रेलवे ने ट्रेन का टाइम शेड्यूल जारी कर दिया है। चलने की तारीख की जल्द घोषणा की जाएगी। वंदे भारत का वाराणसी तक विस्तार होने से मेरठ समेत अन्य जनपद के यात्रियों को अयोध्या और वाराणसी दोनों तीर्थ स्थलों तक सीधी ट्रेन मिल गई है।
इसी साल 31 अगस्त को मेरठ-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू हुआ था। मेरठ के निवासी इस ट्रेन को वाराणसी तक चलाने की मांग कर रहे थे। अयोध्या के लिए भी ट्रेन की मांग की जा रही है। रेलवे ने मेरठ-लखनऊ वंदे भारत को रेलवे ने वाया अयोध्या होकर वाराणसी तक चलाने की घोषणा कर दी है।
रेलवे ने समय सारणी भी जारी कर दी है। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि मेरठ से ये ट्रेन सुबह 6.35 बजे चलकर शाम 6.25 बजे वाराणसी पहुंचेगी। वहीं, वाराणसी से सुबह 9.10 बजे चलकर रात 9.05 बजे मेरठ पहुंचेगी। दूरी अधिक होने के कारण इस ट्रेन के दो रैक चलेंगे।