प्राथमिक स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए मासिक अध्यापक- अभिभावक बैठक कराई जाएगी। यह निर्णय मंडलीय समीक्षा बैठक में वाराणसी मंडल के कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने लिया। इसके अलावा उन्होंने मंडल के सभी जिलों के 10-10 अध्यापकों को बीएचयू में प्रशिक्षण दिलाने को भी कहा।
इस दौरान डीएम सुरेंद्र सिंह ने आदर्श शिक्षक-मेधावी छात्र कार्यक्रम के जरिए जिले में कई स्तर पर प्रतियोगिता का सुझाव दिया। बैठक में 10 माह में कुपोषण रिपोर्ट की भी समीक्षा की गई।
मंडलीय सभागार में कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण विद्युत योजना की समीक्षा में बिना कनेक्शन के बिजली उपयोग करने वालों पर कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शासन की ओर से ओडीएफ की नई तिथि 30 नवंबर तक की गई है, जिसे हर हाल में पूरा किया जाए।
ग्रामीण पेयजल योजनाओं में ट्यूबवेल व डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम पहले बनाएं और गांव में पेयजल आपूर्ति शुरू करें। कमिश्नर ने कहा कि योजना, भवन आदि तेजी से पूर्ण कर जन उपयोग में लाना शुरू करें।