फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पैरालंपिक विजेताओं का होगा सम्मान, दी जाएगी बड़ी धनराशि : सीएम

विज्ञापन
विज्ञापन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दिव्यांगजनों ने अपने हौसलों से सफलता की नई-नई कहानियां लिखी हैं। दिव्यांगता को उन्होंने खेल के सामने कभी बाधा नहीं बनने दिया। टोक्यो में आयोजित पैरालंपिक में भारत के खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा।
विज्ञापन

बृहस्पतिवार को संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में टी-20 नेशनल दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में सीएम ने कहा कि पैरालंपिक में 19 पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों को प्रदेश सरकार शीघ्र ही सम्मानित करेगी और एक बड़ी धनराशि भी देगी। इसके लिए दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री अनिल राजभर को विशेष आयोजन की जिम्मेदारी दी गई है। पैरालंपिक जीतने वाले सभी खिलाड़ियों का एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना व पीएम मोदी के संकल्प को आगे बढ़ाने में सराहनीय योगदान है। दिव्यांग जनों का टी-20 नेशनल दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन अद्भुत है।
सीएम ने अपने भाषण की शुरुआत में प्रदेश वासियों को शारदीय नवरात्र की बधाई के साथ-साथ विजयादशमी की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सौभाग्य है कि काशी ने देश को प्रतिनिधि दिया। आज आपके सांसद देश के यशस्वी प्रधानमंत्री व दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता भी हैं। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के रूप में सेवा के 20 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। बाबा विश्वनाथ एवं मां गंगा से कामना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व में देश नित नई ऊंचाइयों को छूते हुए दुनिया की महाशक्ति बनने में सफल हो। प्रधानमंत्री के जनसेवा का ये 20 वर्ष भारतीय राजनीति को एक नई दिशा देने वाले, एक नए भारत की संकल्पना को साकार करने वाले, भारत को वैश्विक मंच पर मजबूती के साथ स्थापित करने वाले और भारत को सर्वांगीण विकास के मार्ग पर ले जाने वाले 20 वर्ष हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन व नेतृत्व लंबे समय तक इस देश को मिलता रहे। इस दौरान सीएम ने दिव्यांग क्रिकेटरों को पुरस्कृत किया और दिव्यांग जनों को उपकरण भी बांटे। इस दौरान पिछड़ा वर्ग एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री अनिल राजभर, धर्मार्थ कार्य एवं प्रोटोकॉल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक रोहनिया सुरेंद्र नारायण सिंह, मेयर मृदुला जायसवाल, जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा, डॉ. वीबी सिंह उपस्थित रहे।
विज्ञापन

दिव्यांग जनों को हर हाल में मिलनी चाहिए सुविधा
विगत सात सालों में देश के अंदर दिव्यांग जनों को कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण देकर आत्मनिर्भर बनाया गया। सरकार उनके कल्याण के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। हर जिले स्तर पर कैंप लगाकर दिव्यांगजनों को लाभ पहुंचाया जाएगा।
कोविड टीकाकरण केंद्र का किया शुभारंभ
सीएम योगी आदित्यनाथ ने डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में कोविड टीकाकरण केंद्र का शुभारंभ फीता काटकर किया। सीएम ने 20 टीका एक्सप्रेस वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से केयर इंडिया की ओर से कोविड टीका एक्सप्रेस चलाई गई है। यह टीका एक्सप्रेस वैन घर-घर जाकर 18 वर्ष से ऊपर के लोगों का कोविड टीकाकरण करेगी। जनपद में 20 कोविड टीका एक्सप्रेस का संचालन होगा। इसमें दो-दो वाहनों को प्रति विकास खंड एवं नगर क्षेत्र में चार वाहन चलाए जाएंगे। टीका एक्सप्रेस वाहनों के माध्यम से दूरदराज के क्षेत्र एवं शहरी क्षेत्र की मलिन बस्तियों में लोगों का टीकाकरण किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें