चुनाव बाद वीडीए तेज करेगा प्रक्रिया, आठ जमीनों का हो चुका है अधिग्रहण
संवाद न्यूज एजेंसी
वाराणसी। देश के पहले पब्लिक ट्रांसपोर्ट रोपवे के पिलर के लिए चिह्नित की गई जमीनों के कागजात तैयार हो गए हैं। चुनाव बाद इन जमीनों का वाराणसी विकास प्राधिकरण अधिग्रहण करेगा। रामापुरा में पिलर बनाने के लिए 17 जमीनों का अधिग्रहण होना है। इनमें से आठ जमीनों की रजिस्ट्री वीडीए ने मार्च महीने में करा ली है। नौ जमीनों की रजिस्ट्री इस महीने होगी। इसी जमीन पर लक्सा स्टेशन का निर्माण होगा।
कैंट स्टेशन से लेकर गोदौलिया तक रोपवे शुरू किया जा रहा है। इसके लिए स्टेशन और पिलर का निर्माण शहर के सर्वाधिक भीड़-भाड़ वाले इलाके में होना है। कैंट स्टेशन, काशी विद्यापीठ, रथयात्रा चौराहा, लक्सा और गिरजाघर चौराहे पर स्टेशन का निर्माण होगा। इन सभी स्टेशनों के लिए जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया की शुरुआत हो चुकी है। पहले चरण में रामापुरा क्षेत्र में जमीनों का अधिग्रहण किया जा रहा है। यहां अब तक आठ लोगों की 596 वर्ग मीटर जमीन की रजिस्ट्री हो चुकी है। लक्सा पर रोपवे के स्टेशन निर्माण के लिए थियोसोफिकल सोसाइटी जमीन दे रहा है। जमीनों के कागजात की पड़ताल का काम पूरा हो गया है। चुनाव के बाद इन जमीनों की रजिस्ट्री कराई जाएगी।