जौनपुर में बेटी को थाने से छुड़वाने का लालच देकर महिला से दुष्कर्म करने के आरोपी पर कार्रवाई न होने पर शुक्रवार को ग्रामीणों ने पंचायत लगाकर फैसला सुनाया। पीड़िता के हाथों भरी पंचायत में युवक की लाठी से पिटाई कराई और थूककर चटवाया। मामला जिले के महराजगंज थाना क्षेत्र के एक गांव का है। सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और दोनों तरफ से मुकदमा दर्ज किया। देर शाम एसपी ने खुद थाने में जाकर मामले की जांच की।
महराजगंज के एक गांव निवासी युवती का विवाह कुछ माह पहले पड़ोसी गांव के युवक से तय हुआ था। बाद में लड़के वालों ने शादी से इंकार कर दिया। युवती की मां ने युवक पर बेटी को शादी का झांसा देकर दो वर्ष से शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया। उधर, युवक के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने एक सप्ताह पूर्व युवक को प्रतापगढ़ से बरामद कर लिया। युवती भी उसके साथ मिली। महिला का आरोप है कि बेटी को तीन दिनों तक थाने में बैठाए रखा गया। उसने छोड़ने की गुहार लगाई तो पुलिस ने उसे भगा दिया। बाद में गांव के एक अन्य युवक ने महिला को झांसे में लेकर प्रधान की मदद से बेटी को छुड़वाने की बात कही। वह प्रधान से मिलवाने के लिए महिला को अपने साथ ले गया। रास्ते में उसने महिला से दुष्कर्म किया और उससे पायल, रुपये व अन्य सामान ले लिए। महिला ने इसकी शिकायत पुलिस से की तो पुलिस ने आरोपी पर कार्रवाई की बजाय उसकी बेटी को छोड़ दिया।
महिला प्रधान से शिकायत की तो पंचायत बुलाई गई। पंचायत में महिला ने आरोपी युवक को लाठियों से पीटा और माफी मंगवाने के साथ ही सभी के सामने जमीन पर थूककर चटवाया। आरोपी ने पैसा व आभूषण लौटा दिए। इसका वीडियो भी वायरल होने के बाद शुक्रवार को एसपी के निर्देश पर केस दर्ज किया गया। देर शाम खुद एसपी अशोक कुमार मामले की जांच के लिए महराजगंज थाने पहुंच गए। करीब एक घंटे तक पुलिसकर्मियों, प्रधान व अन्य लोगों पूछताछ करते रहे। एसपी ने बताया कि लड़की को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के मामले में केस दर्ज किया जा चुका है। युवती की मां से किसी अन्य युवक ने पैसे ले लिए थे। उसे मांगने पर वह नहीं दे रहा था। इसी में आपत्तिजनक कार्य करने की बात संज्ञान में आई है। दुष्कर्म की बात नहीं है। केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।