Varanasi News: कोरौता निवासी कैलाश प्रजापति (50) को बीते बुधवार की आधी रात बाद जमकर पीटने के बाद तीन लोगों ने गर्दन मरोड़ कर कोरौता बाजार में हत्या कर दी थी। इस मामले में सीसी कैमरे में कैद तीन आरोपियों को लोहता थाने की पुलिस चिह्नित नहीं कर सकी थी। रविवार को पुलिस ने कई जानकारियां दीं।
कोरोता गांव निवासी कैलाश प्रजापति (50) की हत्या उसके पड़ोसी दुकानदार ने कम पकौड़े बिकने की रंजिश में तीन लाख रुपये की सुपारी देकर कराई थी। यह खुलासा लोहता थाने की पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद रविवार को किया।
विज्ञापन
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कोरौता के राजन प्रजापति व शशिकांत उर्फ जवानी उर्फ विशाल, मंडुवाडीह थाना के अशर्फी नगर के अभिषेक जायसवाल और रामनगर थाना के रस्तापुर के प्रदीप चौहान के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से 6600 रुपये और चार मोबाइल बरामद हुए।
कोरौता बाजार में कैलाश प्रजापति पकौड़े का ठेला लगाता था। गत 26 जून की आधी रात वह बाजार से ठेला लेकर अपने घर जा रहा था। उसी दौरान बाजार में ही तीन लोगों ने उसे जमकर मारापीटा और फिर गर्दन मरोड़ कर हत्या करने के बाद पानी भरे निर्माणाधीन नाले में धकेल दिया था।
कैलाश की हत्या करने वाले तीनों आरोपी सीसी कैमरे में कैद हुए थे। डीसीपी वरुणा जोन चंद्रकांत मीणा ने बताया कि एडीसीपी सरवणन टी के नेतृत्व में थानाध्यक्ष लोहता प्रवीण कुमार और उनकी टीम के दरोगा सत्य प्रकाश, विशाल सिंह व सत्यम तिवारी ने सीसी कैमरों की फुटेज और सर्विलांस की मदद से पड़ताल करनी शुरू की।
ग्रामीणों से मिली जानकारी, सीसी फुटेज और सर्विलांस की मदद से मिली जानकारी के आधार पर मुकदमे में नामजद पकौड़े बेचने वाले राजन प्रजापति से पूछताछ शुरू की गई तो वारदात की गुत्थी सुलझ गई। डीसीपी वरुणा जोन ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार करने वाले लोहता थानाध्यक्ष और उनकी टीम को 20 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया है।