एनडीआरएफ के जवानों ने घायल दक्षिण भारतीय श्रद्धालु का उपचार किया
विज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। भुल्लनपुर स्थित 34वीं वाहिनी पीएसी के जवानों ने बुधवार को गंगा में डूब रहे दो लोगों को बचाया। वहीं, 11 एनडीआरएफ के जवानों ने गंगा घाट पर घायल हुए दक्षिण भारतीय श्रद्धालु का प्राथमिक उपचार किया।
आंध्र प्रदेश से आए एस सुब्रमण्यम और मध्य प्रदेश के रीवा से आए शिवम दुबे ललिता घाट से नाव पर सवार हुए थे। दोनों का पैर फिसलने के कारण वो गंगा में गिर गए और डूबने लगे। दोनों को डूबता देख ललिता घाट पर तैनात हेड कांस्टेबल रामप्रताप सिंह यादव और आरक्षी ईश्वर नाथ कुमार व नंदलाल यादव ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की स्थिति सामान्य हुई तो उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं, नारद घाट की सीढ़ी पर फिसलकर गिरने से तेलंगाना निवासी 73 वर्षीय प्रसाद शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। इसकी सूचना पाकर 11 एनडीआरएफ के जवान अपनी मेडिकल टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एनडीआरएफ की मेडिकल टीम ने बुजुर्ग का प्राथमिक उपचार किया।