पूर्वांचल में आजमगढ़, जौनपुर और मऊ जिले के बाद गाजीपुर जिले में धर्म परिवर्तन के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। गाजीपुर के खानपुर थाना क्षेत्र के बुझावल, नेवादा और जल्दीपुर गांव के करीब 30 हिंदू परिवारों को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है।
इन गांवों में आए दिन पुलिस धमक रही है। बीते मंगलवार को घर से उठाए गए एक व्यक्ति का जहां पुलिस ने चालान कर दिया, वहीं पुलिस बुधवार को भी गांव में धमकी। लोगों में चर्चा रही कि पुलिस आधा दर्जन लोगों को उठा कर थाने ले आई और फिर पूछताछ के बाद सभी को छोड़ दिया।
बीते रविवार को क्षेत्र के बुझावल, नेवादा, और जल्दीपुर गांव के राजभर, मुसहर, यादव एवं पाल समाज के करीब 30 हिंदू परिवारों को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने का मामला प्रकाश में आया था। इसके बाद पुलिस भी हरकत में आ गई थी। मामले की छानबीन के पुलिस संबंधितों को घर पर धमकी थी, जिससे ऐसे लोगों में अफरातफरी मच गई थी।
पुलिस लगातार ऐसे लोगों की तलाश में जुटी हुई है, जो धर्म परिवर्तन के मामले से जुड़े हुए हैं। बीते सोमवार की रात करीब 11 बजे बजे जल्दीपुर गांव निवासी राजकुमार राम पुत्र रामवृक्ष राम पुलिस ने घर से उठाया था। पिता रामवृक्ष ने बताया कि पुलिस ने उसका 151 में चालान कर दिया।