वाराणसी। बीएचयू के एंफीथिएटर ग्राउंड में बनने वाले अस्थायी अस्पताल को लेकर छात्रों ने विरोध शुरू कर दिया है। समाजवादी छात्र सभा के राहुल लकी ने इसको लेकर प्रभारी कुलपति को ज्ञापन दिया। उन्होंने कहा कि खेल मैदान बनाने का सरकार का फैसला गलत है। यह छात्रों के स्वास्थ्य और नैतिक रूप से भी सही नहीं है। बीएचयू अस्पताल परिसर में ही पहले से ही नई बिल्डिंग बनकर तैयार है और खाली पड़ा है। ऐसे में खेल मैदान में अस्थायी अस्पताल क्यों बनाया जा रहा है यह समझ से परे है। सर सुंदरलाल अस्पताल एमएस ऑफिस के बगल वाले जिस भवन में पहले से बिजली और पानी आदि सुविधाएं मौजूद है वहां मरीजों को भर्ती किया जाए।
वहीं, पुरातन छात्रों के प्रतिनिधिमंडल ने भी कार्यवाहक कुलपति को ज्ञापन सौंपकर मेडिसिन विभाग के सभी डाक्टरों और रेजीडेंट को कोरोना मरीजों के इलाज में ड्यूटी लगाने और खाली वार्डों को भी कोविड वार्ड में तब्दील करने की मांग की है। उन्होंने आईएमएस बीएचयू के निदेशक और सर सुंदरलाल अस्पताल के एमएस पर सही तरीके से काम न करने का आरोप लगा इस्तीफा देने की मांग की। इस दौरान प्रजानाथ शर्मा, डीके सिंह, संजय यादव, अभिषेक उपाध्याय, राहुल, लकी, पवन आदि मौजूद रहे।