वाराणसी। जिले में ऑक्सीजन की कमी को लेकर उपजे संकट के बीच जिला प्रशासन ने अब बीएचयू ट्रामा सेंटर और होमी भाभा कैंसर अस्पताल में बेड बढ़ाने का निर्णय लिया है। ट्रामा सेंटर में 144 और कैंसर अस्पताल में 100 बेड पर मरीजों को भर्ती करने की सुविधा मिलेगी। जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों संग एमएलसी एके शर्मा ने बीएचयू ट्रामा सेंटर, होमी भाभा कैंसर अस्पताल लहरतारा का निरीक्षण किया। दोनों अस्पतालों और सर सुंदरलाल अस्पताल के डॉक्टरों की बातचीत के बाद इस पर निर्णय लिया गया।
जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि दोनों अस्पतालों में बेड बढ़ाने के विशेष प्रयास किए जाएंगे। दोनों अस्पतालों में ऑक्सीजन की व्यवस्था काफी हद तक सुसज्जित है। बैठक में निर्णय हुआ कि ट्रामा सेंटर में 94 बेड बढ़ाने का फैसला लिया गया था। यहां 50 बेड और बढ़ाए जाएंगे। जिसके बाद यहां 144 बेड होंगे। इसके अलावा कैंसर अस्पताल में 60 बेड पर कोविड मरीज भर्ती हैं, लेकिन जल्द यहां 100 बेड हो जाएंगे।
कोविड रिस्पांस सेंटर के देखरेख में मुफ्त भोजन
काशी कोविड रिस्पांस सेंटर की ओर से एक साथ 20 लोग फोन कर बात कर सकते हैं। ऐसे में इसका लाभ उठाना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर कुछ धार्मिक और स्वैच्छिक संस्थाओं ने मरीजों और उनके परिजनों के लिए अस्पतालों में सेंटर की देखरेख में मुफ्त भोजन की व्यवस्था शुरू की गई है।