कोरोना की दूसरी लहर में लोगों के शरीर में एंटीबॉडी का पता लगाने के लिए नौ जून से चल रहे सीरो सर्वे में अब तक 890 लोगों की जांच की गई। वहीं, शहरी और ग्रामीण इलाकों में लिए गए सैंपल को केजीएमयू भेज दिया गया है। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही एंटीबॉडी के बारे में जानकारी मिल सकेगी। कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण के उद्देश्य से जिले में 11 जून तक 1392 सैंपल लेने का लक्ष्य रखा गया था। पहले दिन 408 सैंपल लिए गए। दूसरे दिन भी 482 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए।
बृहस्पतिवार को शहरी और ग्रामीण इलाकों के 11 क्षेत्र और छह स्लम एरिया में सीरो सर्वे के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। फिर सैंपलिंग की गई। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. एसएस कन्नौजिया ने बताया कि निर्धारित समयावधि तक लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा। दो दिन के सैंपल को केजीएमयू भेजा जा चुका है। शुक्रवार को जांच पूरी होने के बाद भी सैंपल भेज दिए जाएंगे।