शहर के विभिन्न मंडियों में 70 से 75 रुपये किलो में बिका प्याज
अमर उजाला ब्यूरो
वाराणसी। महाराष्ट्र के नासिक में बारिश के चलते प्याज की आवक ठप होने के कारण प्याज के दामों में लगातार उछाल है। हाल यह है कि अनार के भाव में प्याज की बिक्री होने लगी है। शहर की छोटी मंडियों और गली, कॉलोनियों में प्याज 70 से 75 रुपये किलो बिक रहा है। वहीं अनार का भाव 80 से 100 रुपये किलो है। प्याज आढ़तियों के अनुसार दक्षिण से नया प्याज की जब तक आवक नहीं शुरू होगी तब तक स्थिति नहीं सुधरने वाली है। नासिक के प्याज की आवक लगभग ठप है। पहड़िया मंडी में प्याज का थोक भाव 55 से 70 रुपये है। जबकि फुटकर में विभिन्न भाव चल रहे हैं। शहर के सुंदरपुर मंडी, सिगरा के चंदुआ सट्टी, मंडुवाडीह, विशेश्वरगंज मंडी सहित वरुणापार इलाकों में प्याज 70 से 75 रुपये किलो में बिका।
प्याज आढ़ती नंदलाल जायसवाल ने बताया कि नासिक में अभी भी बारिश हो रही है। काफी प्याज की फसल खराब हुई है। वहां के आढ़तियों ने भाव बढ़ा दिया है। यही कारण है कि मंडी में नासिक के प्याज की आवक लगभग ठप है। इस समय मध्यप्रदेश के सागर, इंदौर, खंडवा बेल्ट से प्याज की आवक है। हालांकि इन प्याज की गुणवता नासिक से थोड़ी कमजोर भी है। आशंका है कि पिछले साल की तरह ही प्याज का भाव इस साल भी भागेगा।