प्रधानमंत्री राष्ट्रीय स्वास्थ्य सुरक्षा मिशन के तहत शुरू होने वाली योजना आयुष्मान भारत के तहत चयनित परिवारों को पांच लाख रुपये तक की नि:शुल्क चिकित्सकीय सुविधा मिलेगी। बनारस में इसके लिए तैयार सूची में 1 लाख 2 हजार 382 परिवारों का नाम शामिल किया गया है।
ब्लॉकवार चयनित परिवारों के लाभार्थियों का सत्यापन 30 अप्रैल को ग्राम पंचायत पर होने वाली बैठक में किया जाएगा। इसी में सूची का प्रदर्शन भी किया जाएगा। डीएम के देखरेख में जिले के सभी ब्लॉकों में चलने वाले अभियान की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।
इसके लिए सीएमओ की ओर से जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है, जिससे कि अधिक से अधिक लोग बैठक में शामिल हो सके। सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि बैठक में उन्हें योजना का लाभ बताने के साथ ही सत्यापन भी किया जाएगा।
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं योजना के नोडल अधिकारी डॉ. संजय राय ने बताया कि इस सूची के सत्यापन के लिए लाभार्थियों को बैठक में अपना राशन कार्ड लाना होगा और मोबाइल नंबर देना होगा।
बैठक के जरिये सूची में शामिल यदि किसी परिवार के किसी व्यक्ति की मृत्यु हो गयी है तो उसके नाम को सूची से हटा दिया जाएगा। यदि कोई नया सदस्य परिवार में शामिल हुआ है तो उसका नाम जोड़ दिया जाएगा।
एकत्रित डाटा का सत्यापन कर उसे पोर्टल पर अपडेट किया जाएगा। योजना के तहत चिकित्सकीय सुविधाओं का लाभ केवल चयनित सरकारी और निजी अस्पतालों में ही मिलेंगी। विस्तृत जानकारी हेल्पलाइन नंबर 1097 पर प्राप्त की जा सकती है।