इसी दीवार के निर्माण को लेकर चली गोलियां
- फोटो : अमर उजाला
गोलियों की तड़तड़ाहट से गांव में दहशत फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो गए। घटना को लेकर एसआई और सिपाही सस्पेंड।
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के एक गांव में बीती रात जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक संघर्ष हुआ। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई गई जबकि उसकी पत्नी और बेटी गोली लगने से घायल हो गई। दोनों अभी अस्पताल में मौत से जंग लड़ रही है।
घटना तरवां थाना क्षेत्र के अवनी गांव की है। गांव निवासी दो परिवारों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। कोर्ट से डिग्री होने पर अत्रेय कुमार सिंह का पक्ष उक्त जमीन पर रविवार को दीवार का निर्माण करा रहा था। दूसरा पक्ष यानी राजेश के विरोध करने पर तनातनी बढ़ी को पुलिस ने काम रुकवा दिया।
पुलिस ने अत्रेय के भाई मैत्रेय सिंह और राजेश के भाई को थाने में बिठा दिया। मौके पर फोर्स तैनात कर दी। रात 10 बजे जब मौके से सिपाही चले गए तो राजेश सिंह बाहरी लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और दीवार को गिराना शुरू कर दिया। अत्रेय सिंह और परिवार के लोगों ने विरोध किया तो सात-आठ राउंड फायरिंग कर दी। गोलियों की तड़तड़ाहट से गांव में दहशत फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो गए।
गोली लगने से अत्रेय सिंह (45) पुत्र हंसराज सिंह, पत्नी अनीता (42) और बेटी शिखा (16) गंभीर रूप से घायल हो गईं। रात में तीनों को बीएचयू ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां अत्रेय सिंह की मौत हो गई। मां-बेटी की हालत गंभीर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।