केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत अब लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड बनवाने के लिए अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। अगर संबंधित परिवार के मुखिया और परिवार के अन्य सदस्यों का नाम संबंधित पोर्टल पर दर्ज है तो अस्पताल पहुंचने पर बिना गोल्डन कार्ड दिखाए भी उनका इलाज तुरंत शुरू होगा। पोर्टल पर नाम आने के बाद संबंधित अस्पताल की ओर से गोल्डन कार्ड जारी किया जाएगा।
वाराणसी सीएमओ आफिस में हुई बैठक में इसका फैसला हुआ। जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि बैठक में जिला प्रोग्राम कोआर्डिनेटर डॉ. जया राय, टीपीए हेरिटेज हेल्थ इश्योरेंस के कलस्टर कोआर्डिनेटर सौरभ शर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।
बताया कि अस्पतालों को सीएमओ की ओर से निर्देशित किया जा चुका है कि वह पात्र लाभार्थियों के अस्पताल आने पर तत्काल इलाज शुरू करें, जिससे कि उन्हें योजना का लाभ मिल सके।
इसके अलावा भी लोग योजना के तहत पंजीकृत अस्पतालाें में जाकर अपना गोल्डन कार्ड बनवा सकते हैं। अगर कोई पात्र लाभार्थी सूची के बारे में जानना चाहता है तो वह टोल फ्री नंबर पर फोन कर सकता है।