यूपी के चंदौली जिले के मलेश्वर गांव के समीप बुधवार की रात बिजली गिरने से झोपड़ी में छिपे एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं अलग-अलग गांवों में बिजली गिरने से छह लोग झुलस गए। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है जबकि झुलसे लोगों को सीएचसी नौगढ़ में भर्ती कराया गया।
क्षेत्र के गोलाबाद निवासी रामलखन (40) बुधवार की रात स्थानीय बाजार से अपने गांव की ओर जा रहा था। वह मलेश्वर गांव के समीप पहुुंचा था कि गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए रामलखन एक झोपड़ी में छिप गया। इसी बीच तेज आवाज के साथ झोपड़ी पर बिजली गिरी और रामलखन उसकी चपेट में आ गया।
शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से झुलसे रामलखन को एंबुलेंस की सहायता से नौगढ़ सीएचसी पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने रामलखन को मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर गुरुवार की सुबह रामलखन के परिवार वाले भी थाने पहुंच गए । बेटा नागेंद्र, पुत्री काजल (16), अंजली (15), हैप्पी (10) बदहवास जैसी हो गई।
पत्नी सरोज तो बार-बार अचेत हो जा रही थी। ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह उर्फ राजू ने परिवार वालों को मदद करने का आश्वासन दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसी तरह रिठिया गांव में बिजली गिरने से कल्लू (40), सुनील (50), मरवटिया ग्राम पंचायत के बलवंत (45), अमदहा गांव की परमशिला (23) आदि झुलस गई।
सभी झुलसे लोगों को परिवार वालों ने स्थानीय सीएचसी पहुंचाया। इसी तरह चक्करघट्टा थाने के बसौली गांव कि रेशमा भी बिजली की चपेट में आ गई। वहीं नगपुर सोनभद्र निवासी रामसकल (46), जयराम (19) पशुओं को लेकर शिवपुर में चराने के लिए आए थे। इसी बीच बारिश शुरू हो गई और बिजली गिरने से रामसकल और जयम झुलस गए। दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया।