एक दिन पहले घर के बेटे का सीबीएसई-12वीं की परीक्षा का परिणाम आने से खुशियां मनाई गईं। वहीं रविवार को उसी घर में मातम की आवाजें आ रही हैं। मिर्जापुर में गंगा में डूबे बनारस के तीनों छात्रों के घर का यही हाल है।
सक्षम ओबरॉय, अविनाश मौर्या और हसन तीनों बहुत अच्छे दोस्त थे। तीनों ने इस बार सीबीएसई-12वीं की परीक्षा दी थी। शनिवार को सीबीएसई परिणाम जारी होने के बाद तीनों ने रविवार को पिकनिक की योजना बनाई।
भोर में तीनों बाइक से रुदौली घाट, चुनार में पिकनिक मनाने के लिए निकल गए। वहां पिकनिक के दौरान अविनाश और सक्षम गंगा में नहाने उतर गए। जबकि तैरना न आने की वजह से हसन किनारे बैठ गया। नहाने के दौरान अविनाश और सक्षम गहरे पानी में चले गए और दोनों की मौत हो गई।
सक्षम के पिता भेलूपुर के संत गोपाल नगर, बड़ी पटिया निवासी प्रवीण ओबरॉय कंप्यूटर पार्ट्स का व्यापार करते हैं। सक्षम दो भाइयों में बड़ा था। वहीं, अविनाश मौर्या के पिता चंद्रकेश मौर्या शिक्षा विभाग में प्रधान सहायक के पद पर तैनात हैं और हेडगेवार नगर थाना मंडुआडीह के निवासी हैं। एक बहन और दो भाइयों में चंद्रकेश सबसे छोटा था।