कचहरी रोड स्थित सराफा दुकान में गुरुवार की रात कारोबारी सुरेश सेठ को घायल कर नौ डकैत एक करोड़ के आभूषण और तीन लाख रुपये लूट ले गए। घायल कारोबारी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए 20 राउंड फायरिंग की। डकैती की घटना दुकान में लगे सीसी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज के आधार पर पुलिस ने बदमाशों की तलाश कर रही है।
बदलापुर पड़ाव निवासी सुरेश सेठ की कचहरी रोड पर सराफा की दुकान है। रात 9:15 बजे सुरेश, उनका पुत्र दीप्ति और एक कर्मचारी दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान भगवा रंग के गमछे से मुंह बांधे और हेलमेट पहने नौ बदमाश आए। छह डकैत दुकान में घुस गए और असलहे दिखाकर सुरेश से बैग में गहने भरने को कहा।
सुरेश ने विरोध किया तो उनके सिर पर असलहे की बट से वार कर उन्हें घायल कर दिया। चार डकैत खुद गहने बैग में भरने लगे। इस दौरान आसपास के कुछ दुकानदारों ने हंगामा शुरू किया तो दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने गोलियां चलाईं।
फायरिंग से क्षेत्र में भगदड़ मच गई और आसपास की दुकानों के शटर धड़ाधड़ गिरने लगे। सूचना के 15 मिनट बाद लाइन बाजार थाना की पुलिस, एसपी सिटी अनिल पांडेय और एसपी रविशंकर छवि मौके पर पहुंचे।
वारदात के बाद पूरे जिले में नाकेबंदी कर तलाशी शुरू कराई गई, लेकिन डकैत पकड़े नहीं जा सके। एसपी रविशंकर छवि ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। गहनों का मिलान कर तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।
एक बदमाश का चेहरा कुछ-कुछ पहचान में आ रहा है। पुलिस की पांच टीमें बदमाशों की धरपकड़ के लिए लगाई गई है और एसटीएफ का भी सहयोग लिया जा रहा है।
आईजी रेंज शुक्रवार की सुबह मौका मुआयना करेंगे। स्थानीय बदमाशों ने ही वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस टीमें उनकी धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही हैं।
- बृज भूषण, एडीजी जोन