बीएचयू में एक बार फिर बवाल हो गया। बिड़ला और एलबीएस हॉस्टल के छात्रों के बीच मंगलवार की आधी रात बाद अचानक ही पथराव शुरू हो गया। इस दौरान छात्रों ने एक-दूसरे के हॉस्टल पर पेट्रोल बम और देशी बम फेंके। पथराव में दो छात्र सहितति चार घायल हो गए। जिन्हें ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।
प्रॉक्टोरियल बोर्ड की सूचना पर पहुंची लंका पुलिस ने लाऊड हेलर के जरिये छात्रों को कानून चेतावनी दी। पुलिस स्थिति को सामान्य करने के प्रयास में जुटी।
घटनास्थल पर पुलिस के पहुंचने के एक घंटे बाद चीफ प्रॉक्टर रोयाना सिंह पहुंची। घटना का कारण दोनों हॉस्टल के छात्रों के बीच वर्चस्व की लड़ाई बताई जा रही है। भोर में करीब चार बजे माहौल सामान्य हुआ।
बिड़ला और एलबीएस का माहौल मंगलवार की आधी रात तक सामान्य था। रात 12:40 बजे के लगभग अचानक ही पथराव शुरू हो गया और पेट्रोल बम फेंके जाने लगे। इस बीच कुछ देशी बम भी फेंके गए तो धमाके सुन कर प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने सूचना लंका थाने को दी।
लंका इंस्पेक्टर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तो पथराव कर रहे छात्र छिप गए लेकिन पथराव जारी रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की पुलिस, पीएसी और क्यूआरटी बीएचयू पहुंची। बुधवार सुबह कैंपस में दहशत का माहौल है। तनाव के मद्देनजर कैंपस में पुलिस फोर्स तैनात है।