फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News: संदिग्ध परिस्थितियों में बुजुर्ग की मौत, पास में कुर्सी लगाकर बैठी रही पत्नी, बोली- वो आराम कर रहे हैं

Thu, 16 Jun 2022 06:37 PM IST
उत्पल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी

सार

पुलिस को सूचना मिली कि एक बुजुर्ग अपने कमरे में पत्नी के साथ बंद है। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खटखटाया तो नहीं खुला। इस पर दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर नजारा कुछ और था। बुजुर्ग का शव फर्श पर था जबकि उसकी पत्नी कुर्सी लगाकर बैठी थी। 
विज्ञापन
साक्ष्य संकलन करती फोरेंसिक टीम - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वाराणसी के भोजूबीर में बुधवार की देर रात बंद कमरे में बुजुर्ग की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। कमरा अंदर से बंद कर पत्नी शव के पास ही कुर्सी पर बृहस्पतिवार की सुबह तक बैठ रही। कैंट पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकलवाया। फारेंसिक टीम ने भी छानबीन की। 

विज्ञापन


कैंट थाना अंतर्गत भोजूबीर निवासी गोपाल यादव (65) घर में ही जनरल स्टोर की दुकान चलाता था। सुबह देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला और पत्नी कुसुम को भी आवाज लगाने पर कोई हरकत नहीं आने पर गोपाल यादव के बड़े भाई बाबूलाल ने पुलिस को सूचना दी। कैंट पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर कमरे में घुसी तो सन्न रह गई।

 फर्श पर गोपाल यादव का शव पड़ा हुआ था, उसके नाक के नीचे खून जमा हुआ था। जबकि गोपाल की पत्नी शव के पास ही कुर्सी लगाकर चुपचाप बैठी हुई थी। एसीपी कैंट लखन सिंह यादव और फोरेंसिक टीम भी पहुंच गई। पुलिस की पूछताछ में पत्नी कुसुम ने बताया कि इनकी तबीयत खराब है और वो आराम कर रहे हैं।

विज्ञापन

पुलिस के अनुसार पत्नी की भी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है।वहीं, गोपाल के भाई बाबूलाल का आरोप है कि अक्सर ही पति और पत्नी में विवाद होता था। परिजनों के अनुसार पांच भाईयों में दूसरे नंबर के गोपाल की कोई संतान नहीं है।   एमएससी सहित बीएड की शिक्षा ग्रहण करने के बाद नौकरी नहीं लगने के कारण गोपाल मकान के भूतल पर अपनी जनरल स्टोर की दुकान चलाता था। कैंट इंस्पेक्टर प्रभुकांत के अनुसार अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। 

कमरे में अधेड़ का संदिग्ध हाल में मिला शव, चार पांच दिन पहले मौत की आशंका

गिलट बाजार स्थित मकान में अधेड़ की बृहस्पतिवार को संदिग्ध हाल में मौत हो गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने छानबीन की। फोरेंसिक टीम के अनुसार अधेड़ की मौत चार से पांच दिन पहले हुई है। मायके से पत्नी के पहुंचने के बाद शव के बारे में जानकारी मिली।   गिलट बाजार स्थित एक लॉन के पास ही टाइप राइटर काशीनाथ चौबे का मकान है।

दो बेटे बृजेश और अवधेश चौबे (45) एक ही मकान के अलग-अलग मंजिल पर रहते हैं। आठ जून को अवधेश की पत्नी अनीता चौबे दोनों बच्चों के साथ अपने मायके गई हुई थी और बृहस्पतिवार को लौटी तो कमरा अंदर से बंद था। खिड़की से झांका तो अंदर से दुर्गंध आ रही थी और पति अवधेश नग्न अवस्था में पड़े हुए थे।

यह देखते ही पत्नी चीखने चिल्लाने लगी। पत्नी की सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने कमरे में छानबीन की। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार शव चार से पांच दिन पुराना लग रहा है।  शिवपुर इंस्पेक्टर एसआर गौतम के अनुसार पूछताछ में मालूम चला कि बड़े भाई बृजेश और अवधेश की जनरल स्टोर की दुकान है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। 
विज्ञापन

ककरमत्ता में मिला शव

मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के ककरमत्ता में शाह मूसा बाबा मजार के पास गुरुवार सुबह एक वृद्ध का शव मिला। सूचना पर पहुंचे बरेका चौकी प्रभारी पंकज पांडेय पहुंचे। मृतक की जेब से मिले कागज से मृतक की शिनाख्त दूधनाथ यादव( 60) निवासी चौकाघाट पानी टंकी के सामने थाना जैतपुरा के रूप में हुई। मृतक के पास से रिक्शा चलाने के कागज भी मिले। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें