सांगोबांध निवासी विश्वनाथ प्रजापति पुत्र इनरमन (63) सोमवार रात भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए थे। मंगलवार सुबह काफी देर तक नहीं उठने पर परिजन उन्हें जगाने के लिए कमरे में पहुंचे। वहां चारपाई पर उन्हें मृत अवस्था में देखकर परिजन अवाक रह गए। इसके बाद परिवार के लोगों ने आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान गोपाल प्रसाद सहित गांव के सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि, हत्या के आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलने पर बभनी के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी ली और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया।
जमीन बेचने के बाद से चल रहा था विवाद
विश्वनाथ प्रजापति के दो बेटे हैं। बड़े बेटे सुरेंद्र कुमार ने अपने छोटे भाई सोनू कुमार पर पिता की हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, करीब पांच दिन पहले मृतक के छोटे बेटे सोनू ने गांव में ही अपनी जमीन बेची थी। जमीन की बिक्री को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बीच वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से मामला गंभीर हो गया है।
मौके पर मृतक के गले या शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। - विनय प्रभाकर साहनी, सीओ दुद्धी।