कार्यदायी संस्था की ओर से लगाया गया शिलापट्ट
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सांसद निधि से सिगरा की सिंधु नगर कॉलोनी में कराए गए कार्य में घपलेबाजी की जांच पर परदा डालने की पूरी कोशिश की जा रही है। ठेकेदार से लेकर अफसर तक इसमें शामिल हैं।
एक तरफ तो पूरे मामले की जांच चल रही है वहीं, दूसरी तरफ ठेकेदार की ओर से रात में अधूरे निर्माण कार्यों को पूरा कराकर खामियों पर परदा डाला जा रहा है। पिछले तीन दिनों से रात में काम कराए जाने की जानकारी अफसरों और जनप्रतिनिधियों को भी है लेकिन सबने आंखें मूंद रखी हैं।
जबकि, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के सहायक अभियंता सोमवार को भी सिंधु नगर कॉलोनी पहुंचे थे। बता दें, सांसद निधि से सिंधु नगर कॉलोनी में डी 57/9 रामेश्वर के आवास से डी 57/28 सुरेश गर्ग के मकान तक (116.25 मीटर) सीवर बिछाने एवं चौकी रीसेटिंग का काम कराया गया है।
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने काम कराया है। आरोप है कि सीवर लाइन पूरी नहीं बदली गई। न ही सीवर लाइन की पाइप की चौड़ाई मानक के अनुसार है। चौका का काम भी सही ढंग से नहीं कराया गया है।
आरोप ये भी है कि ठेकेदार और विभागीय इंजीनियरों ने सीमेंट खरीदने के लिए कॉलोनी के लोगों से चंदा वसूला। शिकायत के बाद डीएम योगेश्वर राम मिश्रा जिला स्तरीय टीएसी से मामले की जांच करा रहे हैं।
सपा नेता एवं शतरूद्र प्रकाश मौके का निरीक्षण कर मामले को विधान परिषद में उठाने की बात कह चुके हैं।