हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब के विवादास्पद विज्ञापन के विरोध में रविवार को वाराणसी शहर के कुछेक स्थानों पर धर्म विशेष को निशाने पर लेते हुए विवादास्पद पोस्टर चस्पा किए गए। इन पोस्टर में धर्म विशेष को लेकर विवादास्पद टिप्पणी की गई।
इसके साथ ही, फेसबुक पर पोस्टर वायरल कर पुलिस को चुनौती दी गई कि किसी की धौंस से हम डरने वाले नहीं हैं। बावजूद इसके पुलिस देर रात तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर सकी। जिस फेसबुक एकाउंट से विवादास्पद पोस्टर वायरल किए गए, उसे देर रात तक ब्लॉक भी नहीं कराया जा सका।
कचहरी के पश्चिमी गेट के समीप, कचहरी के बाहर, विकास भवन के समीप और सिगरा स्थित भारत माता मंदिर के समीप रविवार की सुबह चस्पा विवादित पोस्टर देख लोग एकबारगी हैरान रह गए। मामले को माहौल भड़काने की साजिश से जोड़कर देखा जा रहा है।
इलाकाई लोगों की सूचना पर पुलिस सक्रिय हुई और पोस्टर हटाए गए लेकिन पोस्टर चस्पा कराने वालों का पता नहीं लगा। वहीं, रविवार को ही फेसबुक पर रोशन कुमार पांडेय नामक शख्स के एकाउंट से भी वही विवादास्पद पोस्टर वायरल किए गए और पुलिस के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया।
हालांकि रोशन कुमार पांडेय कौन है और कहां रहता है, इसकी तस्दीक पुलिस देर रात तक नहीं कर सकी। एसएसपी राम कृष्ण भारद्वाज ने बताया कि रोशन पांडेय के फेसबुक एकाउंट की जांच कर उस पर कार्रवाई करने का निर्देश एसपी क्राइम को दिया गया है।
रोशन के नाम और पते की तस्दीक कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। थानाध्यक्षों को ताकीद की गई है कि माहौल बिगाड़ने वाले अराजकतत्वों पर नजर रखें और सूचना मिलने पर कड़ी कार्रवाई करें।