सोशल मीडिया पर की आपत्तिजनक टिप्पणी, गिरफ्तार
- कालभैरव मंदिर में वार्षिक शृंगार के दौरान केक काटने का वीडियो हुआ था वायरल, मॉडल ने की शिकायत
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। कालभैरव मंदिर में वार्षिक शृंगार के दौरान केक काटने के वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक कमेंट के मामले में मॉडल ममता राय ने भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। इस मामले में पुलिस ने शुक्रवार को नेवादा सुंदरपुर निवासी शुभम अग्रवाल को गिरफ्तार किया है।
रघुनाथ नगर, महमूरगंज की रहने वाली ममता राय ने पुलिस आयुक्त से शिकायत की थी। उन्होंने पुलिस आयुक्त को बताया कि 26 नवंबर 2024 को कालभैरव मंदिर का वार्षिक शृंगार था। वह मंदिर में दर्शन-पूजन करने गई थी। केक काटने के दौरान वह भी मौजूद थी। केक काटने की घटना को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उन्हें और मंदिर के महंत को लेकर दुष्प्रचार करना शुरू कर दिया। उनमें से शुभम अग्रवाल लगातार उनके बारे में सोशल मीडिया पर अपमानजनक टिप्पणी करता रहा। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर भेलूपुर थाने में ममता राय के प्रार्थना पत्र पर मुकदमा दर्ज किया गया।