सेवापुरी। आराजी लाइन विकास खंड के बेलौड़ी गांव में दो करोड़ की लागत से बने प्लांट मेें पुष्टाहार बनेगा। यहां बना पुष्टाहार आराजी लाइन विकासखंड के 525 आगनबाड़ी केंद्रों पर भेजा जाएगा। ब्लाक मिशन प्रबंधन इकाई के तहत जागृति प्रेरणा महिला लघु उद्योग की ओर से यह संचालित किया जाएगा। प्लांट का उद्घाटन रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल तथा ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. महेंद्र पटेल ने किया।
बाल विकास परियोजना अधिकारी मंजू चौरसिया ने बताया कि जनपद में इस तरह के छह प्लांट लगाए जाने हैं। आराजीलाइन विकास खंड के बेलौड़ी में टेक होम राशन प्लांट लगाया गया है। अन्य विकास खंडों में भी प्लांट निर्माणाधीन है। दो करोड़ की लागत से यह प्लांट तैयार किया गया है। इस प्लांट से ब्लाक के 300 महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार पुष्टाहार 525 आंगनबाड़ी केंद्रों पर भेजा जाएगा। जनपद के छह प्लांट के स्थापित होने से बाहर से पुष्टाहार मंगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और गुणवत्तापूर्ण पुष्टाहार समय से केंद्रों पर उपलब्ध होगा। प्लांट में आटा, बेसन, दलिया, मूंग दाल आदि तैयार किया जाएगा। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी विजय जायसवाल, उपायुक्त रोज़गार दिलीप सोनकर, ग्राम प्रधान सुमित सिंह, अपना दल एस ज़िलाध्यक्ष नरेंद्र पटेल आदि उपस्थित थे।