बनारस में अगले वर्ष होने वाले प्रवासी भारतीय सम्मेलन के लिए राज्य सरकार ने एनआरआई सेल का गठन कर 100 करोड़ रुपये के बजट जारी कर दिया गया है। आयोजन में लगे विभागों से आवश्यकता के मुताबिक काम शुरू करने के लिए प्रस्ताव मांगा गया है।
सबसे अहम बात यह है कि सम्मेलन की तैयारियों में जुटे विभागों को बजट पाने के लिए अलग बैंक अकाउंट खोलना होगा। सम्मेलन में खर्च होने वाली धनराशि का हिसाब आसानी से किया जा सके। जनवरी में होने वाले प्रवासी भारतीय सम्मेलन में आवास, यातायात सहित कई महत्वपूर्ण कार्य वाराणसी में कराए जाने हैं। बजट जारी नहीं होने के कारण अब तक ज्यादातर काम शुरू नहीं हो पाए थे।
प्रमुख सचिव राजेश कुमार सिंह की ओर से आदेश जारी कर विभागों को अग्रिम भुगतान के लिए प्रस्ताव बनाने का निर्देश दिया गया है। इसमें विभाग काम शुरू करने के लिए बजट की मांग कर सकते हैं। इसके लिए विभागों को निर्देश दिया गया है कि सम्मेलन के लिए विभाग अपने अलग बैंक अकाउंट खोलेंगे। इसमें सम्मेलन के बाद खर्च नहीं होने वाला बजट राजकोष में जमा कराने का निर्देश दिया गया है।
माना जा रहा है कि बजट जारी होने के बाद आवास व्यवस्था के तहत ऐंढ़े गांव में स्विज काटेज सहित प्रवासी ग्राम और मुख्य आयोजन के लिए हस्तकला संकुल में टेंटेज आदि का काम शुरू हो जाएगा।