स्थानीय लोगों की समस्या को ध्यान में रखकर तेज कराया जा रहा काम
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। लालपुर आवासीय योजना में रहने वालों की समस्याओं का जल्द समाधान होगा। यहां की ड्रेनेज व्यवस्था का काम तेजी से कराया जा रहा है। जल्द ही काम पूरा होने के बाद इसे नगर निगम को हस्तांतरित किया जाएगा। इसके लिए वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने मातहतों को निर्देश दिए हैं।
वीडीए के अनुसार लालपुर आवासीय योजना के पहले चरण में 1130 भूखंड हैं। दूसरे चरण में 39 भूखंड हैं। यहां रहने वालों से साफ-सफाई का खर्च वसूलने की तैयारी है। इसे नगर निगम को प्रस्ताव दिया जाएगा। लालपुर आवासीय योजना को हस्तांतरित किया गया है। केवल ड्रेनेज का कार्य अभी हस्तांतरित नहीं हुआ है। ड्रेनेज का कार्य चल रहा है। काॅलोनी की सड़कों को आवंटियों ने रैंप आदि बनाकर कब्जा किया है। जिसके चलते ड्रेनेज का कार्य देर से हुआ। समय से काम पूरा न करने पर फर्म पर एक लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया। कार्य पूरा कराते हुए जल्द ही इसे नगर निगम को हस्तांतरित किया जाएगा।
यहां पर अक्सर सीवर व अन्य समस्याओं से स्थानीय लोगों को जूझना पड़ता है। इसके लिए कई बार लोगों ने शिकायतें भी की । बावजूद इसके समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। जानकारी मिलने के बाद वीडीए ने यहां की ड्रेनेज व्यवस्था को दुरुस्त कर निगम को ट्रांसफर करने की योजना बनाई है।