भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने पेंशनभोगियों को जीवन प्रमाणपत्र जमा करने के लिए बड़ी राहत दी है। अब पेंशनभोगियों को जीवन प्रमाणपत्र जमा करने के लिए नवंबर महीने का इंतजार नहीं करना होगा। वे वर्ष के किसी भी महीने में अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं। इसकी वैधता जमा करने की तारीख से अगले एक साल तक रहेगी।
क्षेत्रीय भविष्य निधि कार्यालय वाराणसी के अनुसार, पहले परंपरागत रूप से हर साल नवंबर में जीवन प्रमाणपत्र जमा कराया जाता था। अब डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (डीएलसी) की सुविधा उपलब्ध होने से यह प्रक्रिया और आसान हो गई है। पेंशनभोगी उमंग एप के माध्यम से अपने एंड्रॉयड मोबाइल से जीवन प्रमाणपत्र जमा कर सकते हैं। इसके अलावा आधार फेस आरडी और जीवन प्रमाण एप डाउनलोड करके भी डिजिटल प्रमाणपत्र बनवा सकते हैं।
पेंशन भोगियों को नजदीकी डाकघर में निशुल्क डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा कराने की सुविधा भी मिलेगी। इसके लिए इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के कस्टमर केयर नंबर 033-22029000 या हेल्पलाइन नंबर 155299 पर संपर्क कर घर बैठे ग्रामीण डाक सेवक की मदद ली जा सकती है। इसके अलावा बैंक शाखा, जनसेवा केंद्र और किसी भी क्षेत्रीय भविष्य निधि कार्यालय में जाकर भी जीवन प्रमाण पत्र जमा कराया जा सकता है। जिन पेंशन भोगियों की पेंशन जीवन प्रमाण पत्र की वैधता समाप्त होने के कारण अवरुद्ध हो गई है, वे भी इन माध्यमों से प्रमाण पत्र जमा करा सकते हैं।
ईपीएफओ कार्यालय में इसके लिए पीपीओ नंबर, आधार कार्ड और बैंक पासबुक लेकर जाना होगा। क्षेत्रीय भविष्य निधि कार्यालय वाराणसी ने पेंशनभोगियों से अपील की है कि वे जीवन प्रमाण पत्र जमा कर अपनी रुकी हुई पेंशन दोबारा शुरू कराने की प्रक्रिया पूरी करें, ताकि पेंशन का नियमित और निर्बाध भुगतान सुनिश्चित हो सके।