चिकित्सा विज्ञान संस्थान बीएचयू के विभागों में शुरू होने वाले पीजी के नए कोर्स में दाखिले सहित अन्य मामलों को लेकर सुविधाओं का मूल्यांकन करने नेशनल मेडिकल काउंसिल (एनएमसी) की टीम सोमवार को बीएचयू पहुंची। करीब 20 विभागों में मानक के आधार पर सुविधाओं का मूल्यांकन करने के बाद टीम के सदस्य एनएमसी को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे।
चिकित्सा विज्ञान संस्थान में इस समय 26 विभाग हैं। इसमें कुछ विभागों में एमडी तो कहीं एमसीएच कोर्स तो कुछ जगहों पर डीएम (डॉक्टर आफ मेडिसिन) का कोर्स आने वाले दिनों में शुरू करने की तैयारी है। नियमानुसार एनएमसी की ओर से इसके लिए टीम भेजकर सुविधाओं का मूल्यांकन कराया जाता है। बीएचयू में सोमवार को हृदय रोग विभाग, बाल शल्य विभाग सहित अन्य विभागों में एनएमसी के सदस्य पहुंचे।
यहां विभागाध्यक्ष सहित विभाग के अन्य सदस्यों के साथ बैठक कर जानकारी हासिल करने के साथ ही मरीजों के इलाज, जांच, ऑपरेशन, संस्थान में नियमानुसार उपलब्ध पद, जरूरी संसाधनों का मूल्यांकन किया। जानकारी के मुताबिक एनएमसी की ओर से भेजी गई टीम अभी दो दिन और रहेगी। मूल्यांकन पूरा होने के बाद एनएमसी को रिपोर्ट सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्यवाही होगी।