फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News Updates Today : वाराणसी में सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सहित 3 पर FIR, ज्ञानवापी मामले में आदेश संभव

Thu, 13 Feb 2025 09:42 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

News Updates Today : वाराणसी के भेलूपुर थाने में सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सहित तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामला नीट की तैयारी कर रही छात्रा की मौत से जुड़ा हुआ है। वहीं, जिला जज संजीव कुमार पांडेय की अदालत गुरुवार को शृंगार गौरी और ज्ञानवापी से जुड़े वर्ष 1991 के मामले में सुनवाई कर सकती है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

News Updates Today in Hindi : छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज सिंह काका सहित तीन के खिलाफ भेलूपुर थाने की पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। आरोप है कि सपा नेता ने सोशल मीडिया के जरिये दुष्प्रचार किया। 

विज्ञापन


छात्रा स्नेहा सिंह दुर्गाकुंड स्थित जवाहर एक्सटेंशन कॉलोनी में रहकर नीट की तैयारी करती थी। एक फरवरी को हाॅस्टल के बंद कमरे से उसका शव बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम के बाद हरिश्चन्द घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। इस मामले में छात्रा के पिता की तहरीर पर केस भी दर्ज किया गया था।

भेलूपुर के प्रभारी निरीक्षक विजय नारायण मिश्रा ने बताया कि एक्स हैंडल के जरिये पुनीत यादव समाजवादी (@punityadav-sp), मनोज काका (@manojsinghkaka), अमित यादव (@amityadav-65) ने गलत व भ्रामक तथ्यों का प्रचार किया। सरकार के साथ ही पुलिस की छवि धूमिल की है। 
विज्ञापन


इससे कानून व्यवस्था के प्रभावित होने का खतरा है। आरोपियों ने लिखा कि मृतका का पोस्टमार्टम नहीं किया गया था। शव को दाह संस्कार के लिए नहीं दिया गया था। मामले में केस दर्ज करके जांच की जा रही है।

ज्ञानवापी के मामले में आज आदेश संभव
जिला जज संजीव कुमार पांडेय की अदालत गुरुवार को शृंगार गौरी और ज्ञानवापी से जुड़े वर्ष 1991 के मामले में सुनवाई कर सकती है। ट्रांसफर करने संबंधित अर्जी पर आदेश भी आने की संभावना है। पिछली तिथि पर अदालत ने सभी पक्षों को सुना था और आदेश के लिए 13 फरवरी की तिथि तय की थी। एक  अन्य मामले की सुनवाई के लिए 15 फरवरी की तिथि नियत की गई थी। 

जाली करेंसी मामले में आरोपी को ले आई पुलिस
जाली करेंसी छापने के प्रयास के आरोपी को बहल पुलिस वाराणसी लेकर गई है। पुलिस को पता चला है कि आरोपी ने वाराणसी में ही किसी से जाली करेंसी छापने का सामान लिया था। पुलिस आरोपी की निशानदेही पर उस व्यक्ति तक पहुंचेगी।

जांच अधिकारी राधेश्याम ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय से सात दिन के लिए रिमांड पर लिया है। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) को सूचना मिली थी कि बहल क्षेत्र के गांव सिरसी का एक युवक नकली करेंसी छापने के मामले में संलिप्त है। वह 9 फरवरी को अरावली एक्सप्रेस ट्रेन से बांद्रा टर्मिनस मुंबई से सादुलपुर जंक्शन आ रहा है। सूचना के आधार पर डीआरआई अधिकारियों की टीम ने रेलवे सुरक्षा बल की मदद से शनिवार रात करीब 11 बजे सादुलपुर जंक्शन पर उसे हिरासत में लिया था। 

हत्या में कई संदिग्धों को उठाया, सीडीआर खंगाली
लोहता के कोटवा डिहवा के भैयालाल पटेल की हत्या के मामले में पुलिस की तीन टीमें तफ्तीश कर रही हैं। मोबाइल सीडीआर, सीसी कैमरे की फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य करीबियों से भी पूछताछ हो रही है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। 

कोटवा पुलिस चौकी के पास मंगलवार सुबह भैयालाल का अधजला शव सरसों के खेत में मिला था। हत्या के बाद शव को कमर से ऊपर तक जलाया गया था, ताकि शिनाख्त न हो सके। हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने कोटवा-लहरतारा मार्ग चक्का जाम कर दिया था।

पुलिस और विधायक सुनील पटेल के समझाने पर पांच घंटे बाद ग्रामीण माने। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को पुलिस ने परिजनों को सौंपा। कोरौता घाट पर उसका दाहसंस्कार किया गया। 

आरती के नाम पर वसूली करने वालों पर करें कार्रवाई 
पलट प्रवाह के बीच मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा ने बुधवार की शाम गोदौलिया क्षेत्र का निरीक्षण किया। दशाश्वमेध, राजेंद्र प्रसाद सहित अन्य घाटों पर भी गए। इस बीच कुछ लोगों ने गंगा आरती के नाम पर मनमानी वसूली की शिकायत की। इस पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई और कहा कि ऐसे लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाए। पुलिस की निगरानी भी बढ़ाई जाए। 

मंडलायुक्त ने श्रद्धालुओं से अपील की कि अनावश्यक रूप से घाट पर न खड़े हों। पुलिस-प्रशासनिक अफसर दर्शनार्थियों के साथ अच्छा व्यवहार करें। उन्होंने गोदौलिया और आसपास के दुकानदारों से बात की। 

साथ ही कहा कि फुटपाथ पर अतिक्रमण न करें। दुकान का सामान अंदर ही रखें। सामान बाहर मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कुछ दुकानों के सामने पानी फैला मिला, तो सफाई रखने की चेतावनी दी। घाटों पर बैरिकेडिंग, सफाई, रोशनी की व्यवस्था करने को कहा। सुविधाओं का ध्यान रखने की जिम्मेदारी पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों को दी। 

हाईवे के आउटरों पर जाम शहर में राहगीरों को आराम 
महाकुंभ पलट प्रवाह को लेकर प्रयागराज-वाराणसी हाईवे के आउटरों पर गाड़ियों को रोका गया। माघ पूर्णिमा को देखते हुए शहर के चारों दिशाओं की सीमाओं पर बाहरी वाहनों की इंट्री प्रतिबंधित होने से शहर में बुधवार को जाम जैसे हालात नहीं रहे।

अन्य दिनों की अपेक्षा राहगीरों को सुगम यातायात का अनुभव मिला। वहीं, गंगा घाटों की ओर जाने वाले मार्गों पर नो व्हीकल जोन होने से श्रद्धालुओं को राहत हुई। उधर, कैंट स्टेशन और रोडवेज बस स्टेशन से शहर के अन्य हिस्सों में जाने वाले यात्रियों को ऑटो, ई-रिक्शा समय से नहीं मिला। 

एनडीआरएफ ने बचाई दो महिला श्रद्धालुओं की जान
एनडीआरएफ ने बुधवार को गंगा में डूब रहे दो महिला श्रद्धालुओं की जान बचाई है। इनमें बरेली की शानू पाल (25) और राजस्थान की पूनम (40) का नाम शामिल है। एनडीआरएफ की तरफ से बताया गया कि शानू मणिकर्णिका घाट पर स्नान कर रही थीं और अचानक गहरे पानी में चली गईं। लोगों ने शोर मचाया तो जवान पहुंच गए। राजस्थान की चौसट्ठी घाट पर गंगा में स्नान करते समय डूबने लगी थीं। 

माघ पूर्णिमा पर गंगा में डूबा युवक, खोज जारी
चौबेपुर के थाना क्षेत्र के बर्थरा कलां शिवदशां घाट पर बुधवार सुबह माघ पूर्णिमा स्नान के दौरान युवक गंगा में डूब गया। गोताखाेरों और एनडीआरएफ की ओर से खोजबीन की जा रही है। आशुतोष उर्फ किशन तिवारी (30) सुबह नहाने के लिए शिवदशां घाट पर पहुंचा।

इस बीच वह गहरे पानी में चला गया। उसे डूबते देख नाविकों ने शोर मचाया और गंगा में छलांग लगाई, लेकिन तब तक किशन डूब गया। परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। दो भाइयों में सबसे छोटे किशन को एक साल की बेटी है।  पत्नी सृष्टि अचेत हो गई, किसी तरह से परिजनों ने उसे संभाला। 

ट्रक में टकराई क्रूजर, 9 दर्शनार्थी घायल
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के भीखीपुर गांव के नेशनल हाईवे पर पेट्रोल पंप के पास बुधवार को दर्शनार्थियों से भरी क्रूजर अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। हादसे में महिला समेत नौ श्रद्धालु घायल हो गए। सभी को पुलिस ने बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। 

महाराष्ट्र के लातूर जिले के 12 से अधिक दर्शनार्थियों का दल प्रयागराज आया था। महाकुुंभ के बाद सभी क्रूजर से काशी आ रहे थे। दत्ता प्रस्वामी (55), जीवन मैन चट्टे (54), शिव कांता (40), भारतीय गोखले (45), लक्ष्मी मड़पती (42), शशिकला (44), शकुंतला (46), कुसुम पुदाले (60), संजीता (52) घायल हो गए। सभी लातूर महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। 

नाम चढ़वाने के मामले में जमानत अर्जी खारिज 
धोखाधड़ी कर जमीन पर नाम चढ़वाने के मामले में विशेष न्यायाधीश शैलेंद्र सिंह की अदालत ने ईश्वरगंगी, जैतपुरा निवासी आरोपी श्रीनारायण सिंह की जमानत अर्जी खारिज कर दी। आरोप था कि वादी पवन सिंह ने आराजी नंबर 308 व 437/2 की भूमि पर आरोपी ने कूटरचित दस्तावेज की मदद से तहसील से अपना नाम चढ़वा लिया था। इसकी जानकारी वादी को उस समय हुई जब कब्जा लेने पहुंचा। नायब तहसीलदार ने साक्ष्य के आधार पर आरोपित का नामांतरण निरस्त कर दिया। वादी ने सारनाथ थाने में मुकदमा दर्जी कराया था। 

संस्कृत विवि में गबन के फरार आरोपियों के खिलाफ बजी डुगडुगी
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में दुर्लभ पांडुलिपियों व ग्रंथों के मुद्रण व प्रकाशन में 5.68 करोड़ गबन में फरार दो आरोपियों के खिलाफ बुधवार को ईओडब्ल्यू ने प्रयागराज और लखनऊ में डुगडुगी बजवाकर मुनादी कराई।

आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन वाराणसी के निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि लखनऊ गोमती नगर विराट खंड निवासी भानु प्रताप सिंह और प्रयागराज के सरायइनायत थाना के कोटवा निवासी केके उपाध्याय तत्कालीन वित्त अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की गई। 

पुश्तैनी जमीन के पैसे मांगने पर पिटाई, मुकदमा दर्ज
बड़ागांव के कूड़ी बाजार निवासी संजय कुमार की तहरीर पर पुलिस ने मारपीट और जान से मारने की धमकी देने पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। संजय कुमार मोदनवाल ने तहरीर में बताया कि भाई रमेश चंद्र और भतीजे सतीश चंद्र ने पुश्तैनी जमीन की बिक्री पर पांच लाख रुपये लिए थे। जब जमीन के पैसे में हिस्सा मांगा तो उन्होंने पिटाई कर दी। गंभीर चोट भी आई है। उन्होंने पुलिस के पास जाने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी है।

मारपीट के मामले में चार लोगों पर एफआईआर
शिवपुर के घमहापुर निवासी अनिल पटेल की तहरीर पर पुलिस ने मारपीट के मामले में रामलखन सिंह सहित तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अनिल पटेल ने तहरीर में बताया कि लाइट की बुकिंग के लिए फोन आया था।

फोन करने वाले ने परमानंदपुर लोढ़ान के एक कॉलेज के पास बुलाया। पहले से मौजूद जीजा रामलखन सिंह सहित तीन ने पिटाई कर दी। बेहोश हो गया। कुछ देर के बाद होश आया तो नजदीकी चिकित्सालय में इलाज करवाया। थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

पिटाई के मामले में छह के खिलाफ केस दर्ज
होटल के मालिक की पिटाई के मामले में बुधवार को पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। लमही निवासी शौर्यम जायसवाल ने बताया कि लालपुर पांडेयपुर में उसका होटल है। 9 फरवरी की रात को होटल में काम करने वाला रोहित शराब पीकर अन्य कर्मचारी से लड़ाई कर रहा था। ऐसे में उसे होटल से निकाल दिया। 

कुछ देर बाद वह अपने साथ नीरज पटेल, आकाश भारद्वाज, गोलू सेठ, गोलू, अभिषेक के साथ आ गया। लोहे की रॉड से पिटाई करने लगा। अन्य लोग बचाने आए तो उनकी भी पिटाई की गई। जाते जाते जान से मारने की धमकी भी दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

डॉक्टर पर जमीन कब्जा करने का आरोप
छित्तूपुर में एक डॉक्टर पर जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाकर पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल से शिकायत की गई है। पुलिस कमिश्नर ने सिगरा पुलिस को जांच सौंपी है। पीड़ित रजवाड़ी के दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि उनकी जमीन पर पड़ोसी डॉक्टर कब्जा कर निर्माण करवा रहा है। पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उधर, डॉक्टर लगातार निर्माण करवा रहा है। सिगरा थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि राजस्व से जुड़ा मामला है। जमीन से जुड़े दस्तावेज मांगे गए हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

बस चालक को पीटा, तोड़फोड़, आठ पर केस
मिर्जामुराद के क्षेत्र के एक इंस्टिट्यूट के पास हाइवे पर पुणे (महाराष्ट्र) जा रही सवारी बस को मनबढ़ों ने रोककर चालक की पिटाई की। विरोध करने पर बस को क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़ित चालक ने बुधवार को एक नामजद व आठ अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया है।

राजस्थान के आनंदपुर थाना क्षेत्र के ब्यावर निवासी जीवन राय ने बताया कि वाराणसी से सवारियों को लेकर पुणे महाराष्ट्र जा रहा था। भीगीपुर में हाईवे पर बस रोककर 8 से 10 मनबढ़ों ने सवारी उठाने का विरोध करते हुए मारपीट की। आभा ट्रैवल्स के विकास दुबे समेत आठ के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। 

सवा किलो गांजे के साथ अभियुक्त गिरफ्तार
रामनगर पुलिस ने मंगलवार देर शाम मुखबिर की सूचना पर एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके पास से सवा किलो गांजा बरामद किया। सूचना मिली कि रामनगर पंचवटी-तिराहे के पास भूसा मंडी के पास गोलाघाट निवासी रेहान प्लास्टिक की बोरी में गांजा लेकर बेचने की फिराक में है। रामनगर थाना प्रभारी राजू सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी कर  गिरफ्तार कर लिया। 

बिल्डर और उसके बेटे पर केस दर्ज
महमूरगंज के शिवराज नगर कॉलोनी निवासी लक्ष्मी की शिकायत पर पुलिस ने बिल्डर कौशलेस मिश्रा, प्रतीक मिश्रा के खिलाफ गालीगलौज के मामले में केस दर्ज किया है। लक्ष्मी ने तहरीर में बताया कि 2013 में कौशलेस मिश्रा से फ्लैट खरीदा था। शलेस अभी तक न तो लिफ्ट का प्रयोग करने दे रहा है। न ही पार्किंग में गाड़ी खड़ा करने दे रहा है। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।

दुष्कर्म का वीडियो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार
विवाहिता के साथ दुष्कर्म कर वीडियो वायरल करने वाले आरोपी को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली थी कि आरोपी गंगाराम कपसेठी रेलवे स्टेशन के पास खड़ा है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से फोन बरामद कर उसे जेल भेज दिया।

14 दिन से लापता बालक पटना में मिला
बिना परिवार को बताए महाकुंभ में स्नान करने गया सूजाबाद पड़ाव का रहने वाला 13 साल का बालक 14 दिन बाद पटना में मिला है। रेलवे स्टेशन पर भटक रहे बालक को जीआरपी ने बाल कल्याण समिति को दे दिया था। वहां से बालक को अपना घर के सुपुर्दगी में रखा गया था। 

परिवार की तहरीर पर पुलिस बालक की तलाश कर रही थी। पुलिस को सूचना मिली की बालक पटना में है। पुलिस मंगलवार को परिवार के साथ पटना पहुंची। बेटे के मिलने की खुशी में मां आरती व पिता दयानंद तिवारी की आंखें नम हो गईं। 

इंस्टीट्यूट संचालिका ने छात्र पर दर्ज कराया केस
भेलूपुर के जवाहर नगर कॉलोनी की रहने वाली इंस्टीट्यूट संचालिका ने छात्र के खिलाफ गालीगलौज, दुष्कर्म की धमकी समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज कराया है। पीड़िता के अनुसार, वह एनिमेशन का इंस्टीट्यूट चलाती है। रोहनिया बच्छांव, मीरापुर निवासी उमेश कुमार बिंद पढाई करता है। वह कुछ दिनों से काउंसलर और शिक्षक को अपशब्द और गालीगलौज कर रहा है। साथ ही दुष्कर्म की धमकी देता है।

आंगनबाड़ी केंद्र में 20 दिन पहले बनाई गई सीढ़ी गिरी
ग्राम पंचायत चिरईगांव के कंपोजिट विद्यालय परिसर में 20 दिन पहले आंगनबाड़ी केंद्र की बनाई गई सीढ़ी गिर गई। बुधवार को सार्वजनिक अवकाश होने के चलते विद्यालय बंद था। इससे कोई हादसा भी हो सकता था। ग्रामीण राकेश मौर्य, भानु प्रसाद, कुश मौर्य, विद्या सागर मौर्य ने बताया कि कुछ दिन पहले ही सीढ़ी की शटरिंग खोली गई थी। इतनी जल्दी गिर गई है, इसकी जांच होनी चाहिए।

ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत में हो रहे कार्यों में अनियमितता बरती जा रही है। बीडीओ बीरेंद्र द्विवेदी का कहना है कि जानकारी मिल गई है। बृहस्पतिवार सुबह स्थलीय निरीक्षण कर जांच की जाएगी। सीढ़ी का फिर से निर्माण कराया जाएगा। मानकों की अनदेखी की गई है, इस पर कार्रवाई होगी। 

पीएम सूर्य घर योजना का दिया प्रशिक्षण
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान करौंदी में मंगलवार को शिक्षकों को पीएम सूर्य घर बिजली योजना के अंतर्गत निशुल्क प्रशिक्षण दिया गया। इसमें राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (एनएसटीआई) कानपुर के प्रशिक्षकों ने उन्हें सोलर पैनल और इस योजना के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। सोलर पैनल से हर माह करीब दो लाख यूनिट से अधिक बिजली का उत्पादन किया जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। 

आभा आईडी के प्रयोग में जिला अस्पताल चौथे स्थान पर
पं. दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल को आभा आईडी के इस्तेमाल के लिए प्रदेश भर में चौथा स्थान हासिल हुआ है। सीएमएस डाॅ. बृजेश कुमार ने बताया कि चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के प्रयास से अस्पताल में ओपीडी का 67 फीसदी रजिस्ट्रेशन आभा आईडी से किया गया है। उन्होंने अधिक से अधिक मरीजों को इस सुविधा का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया है। 

मंदिर जाने वाले मार्गों के डिवाइडर पर लगेंगे बोर्ड
शहर में आने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखकर नगर निगम और वीडीए की ओर से बोर्ड लगाए जाएंगे। डिवाइडरों के आसपास खोदाई कर बेस तैयार किया जा रहा है। कुछ जगहों पर बोर्ड लगाने का काम शुरू कर दिया गया है।

मंदिर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर संकेतक होंगे। जो लोगों को मंदिर और घाट जाने का रास्ता दिखाएंगे। सभी घाटों पर बोर्ड लगाए जाएंगे। इन बोर्ड पर गहरे पानी को लेकर चेतावनी लिखी होगी। सामान्य विभाग को जिम्मेदारी दी गई है। नगर निगम ने सर्वे कर लिया है। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने सामान्य विभाग को बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं। 

चावल पर हो रहे शोध के बारे में जाना
15 राज्यों के 25 कृषि वैज्ञानिकों का दल बुधवार को अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान (इरी) पहुंचा। यहां वैज्ञानिकों ने प्रयोगशाला में भ्रमण कर चावल पर हो रहे शोध और उसकी तकनीक के बारे में जानकारी ली। वहां अत्याधुनिक शोध, विशेष रूप से स्पीड ब्रीडिंग तकनीक और चावल से तैयार होने वाले उत्पादों के बारे वैज्ञानिकों के दल ने जानकारी हासिल की। 

गुणवत्ता युक्त सब्जियों के उत्पादन के लिए भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (आईआईवीआर) शाहंशाहपुर में दस दिवसीय प्रशिक्षण चल रहा है। संस्थान के कार्यकारी निदेशक डॉ. नागेंद्र राय ने बताया कि सब्जी फसलों में प्रसंस्करण, गुणवत्ता और निर्यात के लिए आईआईवीआर में 10 दिवसीय लघु पाठ्यक्रम शुरू किया गया है। कार्यक्रम में तमिलनाडु, तेलंगाना, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली सहित 15 राज्यों के कृषि वैज्ञानिक शामिल हैं।

पूर्व राष्ट्रीय हाॅकी खिलाड़ी प्रद्युम्न का निधन
बरेका पूर्व हॉकी खिलाड़ी प्रद्युम्न कुमार वर्मा का बुधवार की सुबह निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार मणिकर्णिका घाट पर किया गया। 1982 में हाॅकी खेल की बदौलत रेलवे में भर्ती हुए। रेलवे की टीम से कई बार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कप्तान के तौर कमान संभाली।

पिता रामनरायण वर्मा भी रोडवेज हाॅकी टीम के सदस्य थे। बरेका में 37 साल तक नौकरी के बाद वर्ष 2019 में सेवानिवृत्त होने के बाद प्रद्युम्न लंबे समय से बीमार चल रहे थे। भिखारीपुर स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। निधन पर बरेका हाॅकी टीम कोच सुनील सिंह व अन्य खिलाड़ियों ने शोक व्यक्त किया। 

स्नान के बाद घाटों पर छोड़े पांच टन कपड़े, नगर निगम ने हटवाया
माघी पूर्णिमा पर गंगा स्नान के बाद लोगों ने घाटों पर पांच टन कपड़ा छोड़ दिया। इसे नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने उठाया। प्रमुख घाटों पर शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई थी। रूटीन के अलावा अतिरिक्त सफाई कर्मचारी लगाए गए हैं। कुछ कर्मचारी झाड़ू लगाकर कूड़े को एकत्र कर रहे हैं। कुछ कूड़े को उठा रहे हैं। 

गंगा घाटों पर झाड़ू के बजाय हाथ से कपड़े को बटोरा जा रहा है। इन कपड़ों को वेस्ट सेंटर पर भेजकर छंटाई होगी। इसके बाद इस्तेमाल लायक बनाया जाएगा। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को साफ सफाई की जिम्मेदारी दी है। 

कौशल, सत्यम, सागर का शानदार प्रदर्शन
रामेश्वर मठ में संचालित स्वामीनारायणानंद तीर्थ वेद विद्यालय में बुधवार को आयोजित सर्ववेद शाखा स्वाध्याय शास्त्रार्थ प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के बटुकों ने अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। प्रतियोगिता में आचार्य गोपालचंद्र मिश्र वैदिक उन्नयन संस्थान के छात्र कौशल कुमार मिश्रा, स्वामी नारायण तीर्थ वेद विद्यालय के सत्यम त्रिपाठी, सागर तिवारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

मुख्य अतिथि सीवी सुब्रह्मण्यम, विशिष्ट अतिथि येलेश्वररापू वेंकटेश्वर ने सभी के प्रयास की सराहना की। स्वागत प्रबंधक वरुणेश चंद दीक्षित, संचालन प्राचार्य जयंत पति त्रिपाठी और धन्यवाद ज्ञापन अमित कुमार पांडे ने किया। 

रोटरी क्लब ने डॉ. के निरंजन का किया सम्मान
रोटरी क्लब वाराणसी नॉर्थ ने कैंटोमेंट ने बुधवार को अपना घर आश्रम के संस्थापक डॉ के निरंजन को सम्मानित किया। क्लब अध्यक्ष नीरज अग्रवाल ने उनकी सेवा भावना की तारीफ की। इससे पहले रोटरी क्लब वाराणसी नॉर्थ ने करीब 3.5 लाख रुपये का अन्न और राशन दान किया था। इस मौके पर अनिल केसरी, राजेश भार्गव, सतीश जैन, रुचि भार्गव, अशोक सुल्तानिया, विजय केसरी, सुरेश खंडेलवाल, हरी मोहन साह और संजय अग्रवाल उपस्थित रहे। 

व्यास पूर्णिमा पर हुआ अथर्ववेद का पारायण
व्यास पूर्णिमा पर बुधवार को रामनगर दुर्ग में अथर्ववेद का पारायण हुआ। अथर्ववेद मूल संहिता, गोपथ ब्राह्मण, प्रश्नोपनिषद, मुंडकोपनिषद एवं मांडूक्योपनिषद का पारायण किया गया। पुणे और नांदेड़ से आए हुए वैदिक विद्वान पद्मनाभ विवेक जोशी और श्रोता वेदांत विजय कुमार जोशी रहे। महाराजा बलवंत सिंह द्वारा बनाए गए इस मंदिर का जीर्णोद्धार काष्ठजीह्वा स्वामी के दिशा निर्देशन में हुआ था। इस स्थान पर वेदव्यास जी को साक्षी मानकर वेद पारायण की प्राचीन परंपरा चली आ रही है। 

अविर्भाव तिथि पर भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद
सिगरा स्थित सेवाश्रम संघ में आचार्य स्वामी प्रणंवानंद महाराज के 130वीं अविर्भाव तिथि मनाई गई। अविर्भाव तिथि के अवसर पर वैदिक शांति यज्ञ और 108 प्रकार के भोजन बनाए गए। इस मौके पर हजारों भक्तों ने प्रसाद को ग्रहण किया। इसके साथ ही अविर्भाव तिथि को बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। 

सहकार भारती के प्रदेश प्रमुख बने शैलेश 
बुनकर प्रकोष्ठ सहकार भारती का प्रदेश प्रमुख शैलेश प्रताप सिंह को बनाया गया है। बुधवार को लखनऊ स्थित बैठक में लोहता निवासी शैलेश प्रताप सिंह को प्रदेश प्रमुख नियुक्त किया गया। इस बैठक में कंफेडरेशन ऑफ आल इंडिया ट्रेडर्स कैट महामंत्री अखिलेश मिश्रा, कैट अध्यक्ष श्याम सुन्दर गुप्ता, अकरम अंसारी, ज्वाला सिंह, राकेश कांत राय ने हर्ष जताया। 

श्रद्धालुओं के लिए लगाए गए सेवा शिविर
महाकुंभ के पलट प्रवाह और रविदास जयंती के श्रद्धालुओं के लिए सामाजिक संस्थान, राजनीतिक दल और सरकारी विभागों की ओर से कई जगहों पर शिविर लगाया गया। नंदीग्राम मंदिर के सामने भाजपा मंडल रामनगर की ओर से श्रद्धालुओं के लिए सेवा शिविर लगाया गया। वहीं, यादव समाज चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से लोगों को खीर बांटी गई। वहीं, बीएसए डाॅ. अरविंद कुमार पाठक के नेतृत्व में बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से कबीरचौरा पर भंडारे का आयोजन हुआ। 

मन चंगा तो कठौती में गंगा नाटक का मंचन किया
सेवापुरी ब्लॉक के बरकी गांव में सुखमानी देवी इंटर कॉलेज का वार्षिकोत्सव मनाया गया। इसमें रविदास जयंती मनाने के साथ छात्रों ने मन चंगा तो कठौती के गंगा, पर नाटक प्रस्तुत किया। संत रविदास के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए मन चंगा तो कठौती में गंगा जैसे व्यवहार को अपने जीवन में अपनाने की शपथ ली।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य योगेश यादव और संचालन कृतिका यादव ने किया। मुख्य अतिथि कॉलेज के संस्थापक अमरनाथ यादव और विशिष्ट अतिथि विद्यालय प्रबंधन के चेयरमैन सियाराम केसरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। 

गाय घाट पर हुई आरती, छह बजे के बाद भी गंगा में चलीं नावें
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने आदेश जारी किया था कि शाम छह बजे के बाद नावों का संचालन नहीं होगा। इसके उलट बुधवार को शाम सात बजे के बाद भी घाटों पर नावों का संचालन होता रहा। वहीं, गाय घाट पर भव्य तरीके से आरती हुई और यहां भीड़ भी इकट्ठा हुई।

डीसीपी काशी जोन ने शाम छह बजे के बाद नाव चलाने वालों पर कार्रवाई की बात कही थी, लेकिन कहीं भी रोक नहीं दिखी। गाय घाट पर नाव संचालक भक्तों को नाव पर बिठाकर आरती दिखाते रहे और फिर घुमाया भी। अस्सी घाट से लेकर नमोघाट तक शाम सात बजे के बाद भी नाव चलती दिखाई दीं और क्रूज भी चलते रहे। 

चार घंटे बांधित रहेगी आपूर्ति
शहर में सड़क निर्माण में बाधक बन रहे पोलों की शिफ्टिंग और पेड़ कटिंग संबंधित कार्य को लेकर बृहस्पतिवार को चार घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। उदयपुर उपकेंद्र पर दोपहर 11 बजे से सायं 3 बजे तक बिजली नहीं रहेगी। इस कारण धनश्याम डिग्री कॉलेज, सोयेपुर, लालपुर मस्जिद के आस-पास बिजली नहीं रहेगी। इसके साथ ही दौलतपुर, पांडेयपुर उपकेंद्र पर दोपहर 11 बजे से सायं 3 बजे तक बिजली बाधित रहेगी। 

कल काशी आएंगे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 14 फरवरी को सुबह में 11:30 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने बताया कि सपा अध्यक्ष लखनऊ से काशी आएंगे। एयरपोर्ट से हरहुआ जाएंगे। वहां सपा एमएलसी लाल बिहारी यादव की बेटी के शादी समारोह में हिस्सा लेंगे। इसके बाद दोपहर 1:15 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट से लखनऊ चले जाएंगे। सपा नेता विष्णु शर्मा ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष का जगह-जगह स्वागत करेंगे। 

धूप हुई तेज, 29.8 डिग्री पहुंचा पारा
फरवरी के दूसरे सप्ताह से ही मौसम तेजी से बदलने लगा है। बुधवार को दिन में धूप इतनी तेज रही कि शाम को भी गर्मी जैसा अहसास हुआ। बुधवार को अधिकतम तापमान औसत से 3.7 डिग्री सेल्सियस अधिक होकर 29.8 पहुंच गया। इसके अलावा न्यूनतम तापमान भी 13.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि इस सप्ताह मौसम ऐसे ही बने रहने के आसार हैं। 

महिलाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ेगा निफ्ट
राष्ट्रीय फैशन आद्योगिक संस्थान निफ्ट स्वंय सहायता समूह में हैंडलूम से जुड़े काम करने वाली महिलाओं को तकनीकी तौर पर ही सशक्त करने के लिए उन्हें प्रशिक्षण देगा। इसके लिए निफ्ट ने राष्ट्रीय आजीविका मिशन को प्रपोजल दे चुकी है। समूह की कई महिलाएं हैंडलूम से जुड़े बैग बनाना, साड़ी बनाना जैसे काम कर रही हैं। निफ्ट की कैंपस एकेडमिक कॉर्डिनेटर स्मृति यादव ने बताया कि इसके लिए राष्ट्रीय आजीविका मिशन को प्रपोजल दिया गया है। 

बीएचयू के आंबेडकर उत्कृष्टता केंद्र में 22-24 फरवरी तक इंटरव्यू
बीएचयू में आरक्षित वर्ग को सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कराने वाले डॉ. आंबेडकर उत्कृष्टता केंद्र में प्रवेश के लिए इंटरव्यू का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इंटरव्यू 22 फरवरी से शुरू होकर 24 फरवरी तक चलेगा। इस केंद्र के तहत ओबीसी और एससी कैटेगरी के ही छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया जाता है। ओबीसी अभ्यर्थियों का इंटरव्यू 22 फरवरी तक सुबह 9.30 बजे से शाम 5 तक और एससी वर्ग के अभ्यर्थियों का इंटरव्यू 24 फरवरी को इसी समय पर होगा। 

13 फरवरी तक बढ़ाई गई प्रवेश तिथि
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ हैंडलूम टेक्नोलॉजी (आईआईएचटी) में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाई गई है। पहले इसकी अंतिम तिथि 5 फरवरी थी। इसको बढ़ाकर 5 फरवरी से 13 फरवरी कर दिया गया है। सत्र 2024-25 में नए प्रवेश के रजिस्ट्रेशन के लिए अब समय को बढ़ा दिया गया है। इसके साथ ही डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय, लखनऊ से संबंधित सभी संस्थान में नए प्रवेश के लिए इसकी तारीख 13 फरवरी निर्धारित की गई है। 
विज्ञापन

BHU - फोटो : अमर उजाला
बीएचयू में हाईस्पीड वाईफाई बंद, नहीं चले 400 कंप्यूटर
बीएचयू में साल के 365 दिन और 24 घंटे चलने वाला वाईफाई पहली बार बंद कर दिया गया। कैंपस में 70 किलोमीटर लंबे ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क में हाईस्पीड इंटरनेट भी नहीं चला। वहीं, साइबर लाइब्रेरी के 400 कंप्यूटर्स चले ही नहीं। 

इससे कई छात्र फेलोशिप का फॉर्म नहीं भर सके। रविदास जयंती की वजह से सेंट्रल लाइब्रेरी भी बंद मिली। छात्र बैरंग ही लौट गए। कई छात्रों की ऑनलाइन पढ़ाई बाधित हो गई।

जिन हॉस्टलों के कमरों में मोबाइल नेटवर्क नहीं होता, वहां बीएचयू का वाईफाई ही घर-परिवार और दोस्तों से बातकरने के लिए व्हाट्सएप कॉलिंग का एक मात्र चारा होता है। बुधवार को शाम 5 बजे से 7 बजे तक दो घंटे के लिए इंटरनेट बहाल हुआ, उसके बाद फिर से इंटरनेट बंद हो गया। मेंटनेंस कार्यों के चलते 14 फरवरी तक इंटरनेट बंद रहेगा। 

छात्रों ने कहा कि कैंपस में कई जगह और कई हॉस्टलों में नेटवर्क की समस्या के चलते मोबाइल का डाटा भी नहीं चलता। छात्रों को बार-बार नेटवर्क वाले इलाके में जाना पड़ता है। छात्र रोहित ने बताया कि इंटरनेट न होने से फेलोशिप का फॉर्म सबमिट नहीं हुआ।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें