News Update Today in Hindi : उत्तर प्रदेश में चुनाव नहीं है, इसलिए कोई संत रविदास जी की जयंती पर नहीं आ रहा है। यह सभी नाटक करते हैं। अगर जरा भी सम्मान होता तो जरूर आते। मेरे मन में इस बात को लेकर बहुत दुख है। संत रविदास जी, भगवान बुद्ध का सम्मान करने वाले लोगों को इन्होंने नीचा दिखाने का काम किया। ये बातें लोकसभा सांसद चंद्रशेखर आजाद ने रात सर्किट हाउस में कहीं।
उन्होंने लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को लेकर कहा कि उनकी भागदौड़ चुनावी है। चंद्रशेखर आजाद की भागदौड़ सच्ची है। हमारी समर्पित भावना है। महाकुंभ को लेकर कहा कि हर जगह अव्यवस्था देखने को मिल रही है। यह डिजिटल महाकुंभ नहीं डिजिटल लूट है। महाकुंभ में स्नान करने जाने वाले सवाल पर कहा कि अपनी-अपनी आस्था है।
बनारस स्टेशन का 100 बेड का स्लीपिंग पाॅड सीज, बिजली-पानी का कनेक्शन भी काटा
रेल यात्रियों की सुविधा के लिए बनारस स्टेशन पर शुरू स्लीपिंग पाॅड को सीज कर दिया गया है। कार्यदायी संस्था को कॉमर्शियल विभाग ने संचालन का जिम्मा सौंपा था। 250 रुपये प्रति यात्री किराये में ठहराया जा रहा था। बैनर भी सर्कुलेटिंग एरिया में लगवाया गया था।
100 बेड के वातानुकूलित पॉड में अनियमितताएं मिलने पर इसे सीज किया गया। बिजली और पानी कनेक्शन काटने के साथ ही पार्किंग में लगा बोर्ड व बैनर भी हटवा दिया गया। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के बनारस स्टेशन के प्लेटफाॅर्म संख्या आठ के भवन के दूसरी मंजिल पर स्लीपिंग पॉड गेस्ट हाउस की सुविधा शुरू की गई।
100 बेड की डाॅरमेट्री की जिम्मेदारी एक कार्यदायी संस्था को सौंपी गई। 10 कमरे और अन्य डॉरमेट्री की जिम्मेदारी किसी अन्य कंपनी को सौंपने की तैयारी चल रही थी। स्लीपिंग पॉड बंद होने से यात्रियों को परेशानियां हो रही हैं।
अपार्टमेंट में आरडब्ल्यूए का गठन जरूरी
रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्लूए) के गठन और कर्तव्यों से संबंधित कार्यशाला वीडीए सभागार में हुई। सेंटर फॉर एक्सीलेंस एंड ट्रेनिंग, यूपी के पूर्व निदेशक मेहतानी ने बताया कि 33 प्रतिशत आवंटियों को कब्जा दिए जाने के बाद रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन का गठन हो जाना चाहिए। बैठक में वीडीए वीसी पुलकित गर्ग, सचिव डॉ. वेद प्रकाश शर्मा, अपर सचिव परमानंद यादव, अधीक्षण अभियंता अजय पवार, क्रेडाई अध्यक्ष आकाशदीप, प्रशांत केजरीवाल, जितेंद्र कुमार मौजूद रहे।
प्रयागराज में कहीं गंदगी नहीं दिखनी चाहिए
नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने सर्किट हाउस से प्रदेश के सभी नगर निगमों की वर्चुअल बैठक की। उन्होंने प्रयागराज नगर निगम के अफसरों को निर्देश दिए कि पूरे परिक्षेत्र में कहीं भी गंदगी का लेसमात्र भी नहीं दिखना चाहिए। महाकुंभ मेला क्षेत्र की साफ सफाई व्यवस्था दुरुस्त रहे और पेयजल, शौचालय कहीं भी भक्तों को दिक्कत नहीं होनी चाहिए। श्रद्धालुओं के लिए स्वागत शिविरों एवं विश्राम स्थलों में ठहरने के उचित प्रबंध के साथ उनके लिए चाय एवं नाश्ते का प्रबंध किया जाए। महाकुंभ मेला परिक्षेत्र में कूड़े का उठान नियमित हो।
नगर विकास मंत्री ने सभी नगर निगम के अफसरों को निर्देश दिए कि साफ सफाई, स्वच्छता एवं कूड़ा कलेक्शन आदि को और बेहतर तरीके से करिए। स्वच्छ पेयजल, सीवर एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था बनाएं। उन्होंने सभी निकायों में खराब सड़कों की मरम्मत करने तथा मार्ग प्रकाश व्यवस्था को दुरूस्त करने के निर्देश दिए।
नगर विकास मंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं के जमावड़े वाले निकायों में वाटर एटीएम, पानी के टैकर, भीड़ भाड़ वाली जगहों पर उपलब्ध रहे।
रैन बसेरे को बना दिया वाहन स्टैंड
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के पास बने रैन बसेरे के बाहर दो-पहिया वाहन खड़े होने से मरीजों के तीमारदारों को बेहद परेशानी हो रही है। यहां पंखा, कूलर और टीवी लगे होने के बाद भी लोग बैठ नहीं पा रहे हैं।
पिछले कुछ दिनों से लोग यहां दो पहिया वाहन खड़े कर जाते हैं। इससे इमरजेंसी में मरीजों को स्ट्रेचर पर ले जाने में भी दिक्कत होती है। सीएमएस डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि रैन बसेरे के बाहर गाड़ियां खड़ी करने वालों को फटकार लगाई है। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को भी निगरानी करने को कहा है।
नो व्हीकल जोन में प्रवेश करने वाले वाहनों पर करें कार्रवाई
डीएम एस. राजलिंगम, अपर पुलिस आयुक्त डॉ. एस चनप्पा ने मैदागिन, गौदालिया क्षेत्र का निरीक्षण किया। डीएम ने पुलिस को निर्देश दिए कि नो व्हीकल जोन में जो वाहन प्रवेश कर रहे हैं, उन पर सख्ती करें। मना करने पर भी न मानने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने दर्शन के लिए लाइन में लगे श्रद्धालुओं से बात की। उनसे पूछा कि कितने घंटे से लाइन में लगे हैं, कहां से आए हैं। लोगों से अपील की कि लाइन में ही रहें। समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि भिक्षावृत्ति करने वालों को चिह्नित करें और टीम लगाकर सभी को आश्रम भेजें। ठेले वालों को अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई। इसके बाद काल भैरव मंदिर, विशेश्वरगंज होते हुए थाना कोतवाली गए।
नो हेलमेट नो पेट्रोल में 62 दोपहिया वाहनों का चालान
सड़क सुरक्षा को लेकर जरूरी नो हेलमेट नो पेट्रोल अभियान के तहत सहायक संभागीय परिवहन अधिकारियों ने मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाया गया। इस दौरान पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट के तेल लेने वाले 62 दोपहिया वाहनों का चालान किया गया। आरटीओ प्रवर्तन मनोज वर्मा ने बताया कि बिना हेलमेट के पेट्रोल दिए जाने पर पेट्रोल पंप संचालकों को चेतावनी दी गई। एआरटीओ प्रवर्तन श्याम लाल ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
13 किसानों को मिले उपकरण
विकास भवन सभागार में सीडीओ हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में कृषि यंत्रों की ई-लॉटरी हुई। इसमें 13 किसानों को रोटावेटर, कंबाई हार्वेस्टर दिए गए। सीडीओ ने बताया कि कस्टम हायरिंग सेंटर ग्रामीण उद्यमी के लिए चोलापुर के विजय कुमार यादव का चयन किया गया।
25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
आभूषण की दुकानों में चोरी करने के आरोपी 25 हजार के इनामी बदमाश को चोलापुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान चंदौली जिले के सकलडीहा थाने के जमालपुर गांव के जितेंद्र बनवासी के रूप में हुई है।
पुलिस की पूछताछ में जितेंद्र ने बताया कि तीन साल पहले उसके खिलाफ चोलापुर थाने में चोरी के तीन मुकदमे दर्ज किए गए थे। तभी से वह घर छोड़ कर पुलिस से बचकर छिप कर रह रहा था। उसके खिलाफ चोरी सहित अन्य आरोपों में 13 मुकदमे दर्ज हैं।
25 हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार
भेलूपुर थाने की पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित 25 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाश की पहचान गाजीपुर के मिर्जापुर दुल्लहपुर निवासी सिंटू गौड़ के रूप में हुई है। फिलहाल वह वाराणसी में रानीपुर में किराये के मकान में रह रहा था। इंस्पेक्टर भेलूपुर विजय नारायण मिश्र ने बताया कि सिंटू के खिलाफ वर्ष 2023 में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
गुलरिया घाट पर मिला युवक का शव
भेलूपुर थाना क्षेत्र के गुलरिया घाट पर मंगलवार को युवक का शव मिला। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। मृतक के दाहिने हाथ पर ऊं गोदना से बना है। पुलिस के अनुसार युवक रात में घाट के किनारे सोया था। उसी समय मौत हो गई।
मारपीट और धमकाने के आरोप में पांच पर मुकदमा
सिकरौल निवासी अधिवक्ता ने लहरतारा से घर वापसी के दौरान पहलू का पूरा पुल के पास पांच लोगों द्वारा मारपीट कर घायल करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
गैंगस्टर एक्ट के दोषी को दो साल की कैद
विशेष न्यायाधीश (गैंगस्टर एक्ट) मनोज कुमार सिंह की अदालत ने गैंगस्टर एक्ट के तहत चमाव, शिवपुर निवासी अभियुक्त छोटेलाल उर्फ लल्लू को दोषी पाया है। अदालत ने अभियुक्त को दो वर्ष के कठोर कारावास और पांच हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष के अनुसार अभियुक्त के खिलाफ शिवपुर थाने में वर्ष 2000 में मुकदमा दर्ज किया गया था।
समाचार पत्र विक्रेताओं ने जलाए दीप
समाचार पत्र विक्रेता समिति और जन उद्धार चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से संत रविदास पार्क में दीपोत्सव का आयोजन किया गया। समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा ने बताया कि लगातार 22 साल से भक्तों का सैलाब उमड़ता जा रहा है। कार्यक्रम में समिति के सदस्य गंगाराम मौर्या, रामप्रवेश मिश्रा, आनंद कुशवाहा, पिंकी कुशवाहा, प्रिंस, महेश, राजाराम गुप्ता और विनोद मौर्या आदि मौजूद रहे।
पत्नी से विवाद के बाद गंगा में कूदकर दी थी जान
गौरा उपरवार स्थित मौनी बाबा आश्रम के सामने गंगा की रेत पर मिला शव खरगूपुर, बरनी बाजार निवासी ई-रिक्शा चालक सफल गुप्ता (28) का था। मंगलवार को चौबेपुर थाने पहुंची सफल गुप्ता की बहन वंदना और शालू ने उसके शव की पहचान की।
बताया कि पत्नी से आए दिन विवाद से आजिज आकर सफल ने गंगा में छलांग लगा कर जान दी है। शव की पहचान होने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। चौबेपुर थाना क्षेत्र के गौरा उपरवार स्थित मौनी बाबा आश्रम के सामने सोमवार की रात सफल का शव गंगा की रेत पर मिला था।
एक मछुआरे ने देखा तो उसके पैंट की जेब से आधार कार्ड मिला। मछुआरे की सूचना पर मंगलवार की सुबह चौबेपुर थाने की पुलिस पहुंची। शव पूरी तरह सड़ गया था। वंदना और शालू ने पुलिस को बताया कि वह छह दिन पहले ई-रिक्शा लेकर निकला था। इसके बाद उसका पता नहीं लग पाया था।
डीआईजी कॉलोनी में अधिकारी आवास के निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत
वीडीए की बोर्ड बैठक में खजुरी स्थित डीआईजी काॅलोनी के प्लॉट संख्या 58 पर अधिकारियों के लिए आवासों के निर्माण के प्रस्ताव को स्वीकृत किया गया। इसके अलावा प्लॉट संख्या-34 पर स्थित निष्प्रयोज्य भवन के निर्माण के प्रस्ताव को अनुमोदन प्रदान किया गया।
इस संबंध में डीपीआर तैयार कर तकनीकी, वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की संस्तुति की गई है। प्लॉट संख्या-58 पर बनने वाले भवनों के निर्माण पर अनुमानित लागत 2.68 करोड़ है। इसमें तीन मंजिल भवन में टू और थ्री बीएचके के चार फ्लैट बनेंगे। प्लॉट संख्या-34 पर तीन मंजिल पर टू और थ्री बीएचके के छह फ्लैट बनेंगे। इसकी लागत 3.84 करोड़ है। इन भवनों में आरसीसी कार्य, फिनिशिंग, फायर फाइटिंग और मशीन रूम जैसी सुविधाएं होंगी।
सड़क चौड़ीकरण में आ रही अड़चन दूर होगी
सड़क चौड़ीकरण में आ रही अड़चनों को वीडीए की ओर से दूर किया जा रहा है। इसके आधार पर ही शमन मानचित्रों की स्वीकृति दी जाएगी। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग की ओर से सभी जोनल अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि मास्टरप्लान के अनुसार कार्य करें।
चार बीघे की अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई
वीडीए की ओर से मंगलवार को चार बीघे की अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त की गई और एक अवैध निर्माण सील किया गया। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार सारनाथ के पतेरवां में शुभम पटेल और दिनेश यादव की ओर से चार बीघे में अवैध प्लाॅटिंग विकसित की जा रही थी। इसे पुलिस बल के सहयोग से ध्वस्त कराया गया। सारनाथ वार्ड के अकथा में रजत सिंह व विवेक सिंह की ओर से अवैध निर्माण कराया जा रहा था। इसे सील कर पुलिस अभिरक्षा में दिया गया।
नमो घाट पर स्नान करने की अनुमति नहीं, लगेगा बोर्ड
अपर नगर आयुक्त आरके राय ने मंगलवार को गंगा घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि नमो घाट पर स्नान की अनुमति नहीं है, क्योंकि यहां किनारा ही काफी गहरा है। यहां पर बोर्ड लगाएं और लोगों को राजघाट की तरफ स्नान के लिए प्रेरित करें। यहां पर जल पुलिस की तैनाती करने को कहा।
अपर नगर आयुक्त के अनुसार स्मार्ट सिटी से नमो घाट का संचालन किया जा रहा है।
संचालनकर्ता को निर्देश दिया गया कि घाट पर स्नान और अवैध बोट का संचालन न होने दिया जाए। साथ ही वाॅटर स्पोर्ट्स के बोट भी न चलें। जोनल अधिकारी को पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी दी गई है। कुछ स्थानों पर डीप वाटर बैरिकेडिंग टूटी पाई गई। इसे ठीक कराने के साथ आगे पानी गहरा है का बोर्ड हर घाट पर लगाएं। बोटों पर क्षमता से अधिक लोग बैठे मिले और कई लोग लाइफ जैकेट नहीं पहने थे।
पार्किंग स्थल में आग लगी
काशी कृषक इंटर कॉलेज में श्रद्धालुओं के लिए बने बस पार्किंग स्थल में मंगलवार की रात करीब 10 बजे एक एलईडी बल्ब में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। बल्ब के नीचे प्लास्टिक के बैनर थे और पास में कई वाहन खड़े थे। पार्किंग में मौजूद फायर ब्रिगेड कर्मी रामकृष्ण सिंह, ओम प्रकाश और अन्य ने तुरंत वाहनों को हटाया। साथ ही, समय रहते आग पर काबू पा लिया।
चुरामनपुर में सीवर लाइन जाम जनसुनवाई में आईं 10 शिकायतें
चुरामनपुर के डाॅ. मृणाल सिंह ने संभव की जनसुनवाई में कहा कि उनके क्षेत्र की सीवर लाइन जाम है। सीवर ओवरफ्लो होने से लोगों को परेशानी है। सुनवाई कर रहे सारनाथ के जोनल अधिकारी अनुपम त्रिपाठी ने आश्वस्त किया कि समस्या का समाधान होगा।
इस दौरान कुल 10 शिकायतें आईं। जिनका निस्तारण करने के लिए संबंधित अधिकारियों के पास पत्र भेजा गया। भेलूपुर के राजेश आजाद ने सफाई कर्मचारियों के उत्पीड़न का मामला उठाया। इस पर जोनल अधिकारी ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को पत्र भेजा।
वाहन स्वामियों ने 631 लाख रुपये जमा कराए
वाराणसी। एक मुश्त समाधान योजना के तकत वाराणसी संभाग में 3462 वाहन स्वामियों में 3406 वाहन स्वामियों ने 1199.31 लाख रुपये जमा किए। इसमें वाराणसी के 1905 वाहन स्वामियों ने 631.44 लाख रुपये बकाया जमा किए। वाराणसी संभाग के आरटीओ प्रशासन शिखर ओझा ने बताया कि वाराणसी में बकाया कर संबंधित 1916 आवेदन आए, इसमें 1905 वाहन स्वामियों ने 631.44 लाख रुपये टैक्स जमा किए।
अखिलेश यादव ने शोक संदेश पत्र भेजा
सपा नेता रामकुमार यादव के पिता एवं चाचा के निधन पर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने शोक संदेश पत्र भेजा। सारनाथ के फरीदपुर गांव निवासी सपा नेता रामकुमार यादव के चाचा सनारू यादव का 25 जनवरी का निधन हो गया था। एक सप्ताह बाद 31 जनवरी को उनके पिता पनारू पहलवान का भी निधन हो गया। निधन की जानकारी पर सपा प्रमुख का पत्र लेकर पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा घर गए। उन्होंने सपा नेता को पत्र दिया।
वृद्धाश्रम के 19 वृद्धों ने महाकुंभ में किया स्नान
समाज कल्याण विभाग की ओर से सारनाथ स्थित वृद्धाश्रम के 19 वृद्धों को महाकुंभ स्नान करवाया गया। उन्होंने वहां समाज कल्याण विभाग की ओर से बनाए गए पैवेलियन का भी भ्रमण किया। उन्होंने योग के साथ सुबह की शुरुआत की, इसके साथ ही सभी ने शाम के भोजन के बाद भजन-कीर्तन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कुंभ स्नान करने के बाद वृद्धों ने कहा कि हमारा जीवन सार्थक हो गया। उन्होंने विभाग को धन्यवाद ज्ञापित किया। बता दें कि विभाग की ओर से कुंभ क्षेत्र में पहली बार कैंप स्थापित किया है। कैंप में 100 बेड की क्षमता का एक आश्रम भी है।
श्रद्धालुओं का सभी वर्ग कर रहे हैं आतिथ्य
राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि महाकुंभ के पलट प्रवाह के दौरान भारी संख्या में काशी आए श्रद्धालुओं को शासन, प्रशासन और स्थानीय लोगों की ओर से बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सभी वर्ग के लोग श्रद्धालुओं का आतिथ्य और सत्कार कर रहे हैं।
उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शनार्थियों की संख्या में वृद्धि होने के बावजूद श्रद्धालुओं को मंदिर प्रशासन की ओर से दर्शन-पूजन की बेहतर सुविधा मुहैया कराया जा रहा है।
छात्रों ने दिखाई अद्भुत चित्रकारी
बीएचयू दृश्य कला संकाय के चित्रकला विभाग की ओर से 6 फरवरी से चल रही चित्रकला कार्यशाला का मंगलवार को समापन हुआ। इसमें छात्रों ने अपनी अद्भुत चित्रकारी दिखाई। अहिवासी कला वीथिका में इनके बनाई पेंटिंग की प्रदर्शनी भी लगाई गई।
संकाय प्रमुख प्रो. उत्तमा दीक्षित ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छात्रों को अपनी कला के माध्यम से काशी के घाटों की सुंदरता दिखाना है। समापन पर प्रो. राणापीबी सिंह ने चित्रों का अवलोकन किया। भारतकला भवन के निदेशक प्रो. श्रीरूप रॉय चौधरी ने ऐसी कार्यशालाओं को उपयोगी बताया।
ग्रंथों में निहित हैं अनुसंधान के गूढ़ तत्व
बीएचयू के धर्मशास्त्र मीमांसा विभाग की ओर से महामहोपाध्याय पं. गजानन शास्त्री मुसलगांवकर की स्मृति में आयोजित व्याख्यान में मुख्य वक्ता डॉ. प्रशांत धर्माधिकारी ने कहा कि प्राचीन भारतीय ग्रंथों में अनुसंधान के गूढ़ तत्व निहित हैं। कहा कि अर्थशास्त्र, मनुस्मृति, महाभारत, गीता आदि अनेक भारतीय ग्रंथों में अनुसंधान के गूढ़ तत्वों का निरूपण किया गया है। अध्यक्षता प्रो. राजाराम शुक्ल ने की। कार्यशाला अध्यापक प्रशांत चतुर्वेदी को सम्मानित किया गया। स्वागत प्रो. माधव जनार्दन रटाटे, धन्यवाद ज्ञापन प्रो. शंकर कुमार मिश्र ने किया।
आज से शुरू होंगी शब-ए-बरात की महफिलें
शब-ए-बरात गुरुवार को है, लेकिन महफिलों का आगाज बुधवार से शुरू हो जाएगा। इमानिया अरबी कॉलेज मुकीमगंज में कदीमी महफिल का आयोजन होगा। सुबह दस बजे से तकरीर व कलाम का सिलसिला शुरू हो जाएगा। शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी फरमान हैदर ने बताया कि महफिल में नामचीन शायर कलाम पेश करेंगे। प्रो. अजीज हैदर, रेहान बनारसी, बाकर बलियावी, रिजवान बनारसी, अतश बनारसी, अतहर बनारसी कलाम पेश करेंगे। फरमान हैदर ने प्रशासन से बिजली, पानी, साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है।
उद्यमियों ने कराया भोजन
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन और श्री आदि महादेव काशी धर्मालय मुक्ति न्यास की ओर से श्रद्धालुओं के लिए मलदहिया के पास भंडारे का आयोजन किया गया। मंगलवार की सुबह 8 बजे से दोपहर तक श्रद्धालुओं को भोजन कराया गया। आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व न्यास के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरके चौधरी ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। भंडारा में राजेश भाटिया, प्रशांत अग्रवाल, मनीष कटारिया, गौरव गुप्ता, नीरज पारिख, आलोक भंसाली पंकज अग्रवाल आदि रहे।
दादी नानी समारोह में बच्चों ने मोहा मन
पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय 39 जीटीसी में दादा-दादी, नाना-नानी समारोह मनाया गया। कार्यक्रम में कार्ड देकर उनका स्वागत किया गया। प्राचार्य डॉ. चंद्रभूषण प्रकाश वर्मा, उप प्राचार्य अभिषेक त्रिपाठी ने दादा-दादी, नाना-नानी संग मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।
समारोह में छोटे बच्चों ने स्वागत नृत्य से सभी का मन मोह लिया। इसमें बुजुर्गों के लिए खेल प्रतियोगिता भी हुई। महिला वर्ग में विमला देवी को पहला और लक्ष्मी गुप्ता को दूसरा स्थान मिला। पुरुष वर्ग में मोतीलाल मिश्रा प्रथम रहे। संचालन नीरज राय ने किया। सभी ने बच्चों के साथ सेल्फी भी ली। धन्यवाद ज्ञापन शालिनी मिश्रा ने किया। इसमें लक्ष्मी गुप्ता, सरला गुप्ता, विजय बहादुर सिंह ने भी संबोधन दिया।
तमिल संगमम : नमो घाट पर हुआ क्विज शो
नमो घाट पर काशी तमिल संगमम के अंतर्गत क्विज शो हुआ। क्विज शो ओपन राउंड के आधार पर किया गया जिसमें काशी भ्रमण पर आए दर्शनार्थी, आम नागरिक, शिक्षकों ने हिस्सा लिया। क्विज शो काशी और तमिल के सांस्कृतिक, ऐतिहासिक, पौराणिक, विकास, आध्यात्मिक विषयों पर आधारित था। सही जवाब देने के लिए 30 विजेताओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर बीएसए डॉ. अरविंद कुमार पाठक, खंड शिक्षा अधिकारी स्कंद गुप्त और राम पूजन पटेल रहे। संचालन निर्मल जोशी ने किया।
संगमम की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा ने नमो घाट पर तमिल संगमम की तैयारियों का जायजा लिया। लोकनिर्माण विभाग को स्टेज, सेफ हाउस, मोबाइल टॉयलेट, फूड कोर्ट, हैंडलूम, हैंडीक्राफ्ट के स्टाॅल लगाने के लिए उचित व्यवस्था करने को कहा। उधर, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, डीएम एस. राजलिंगम और एडिशनल सीपी डॉ. एस चनप्पा ने मंगलवार को बीएचयू में काशी तमिल संगमम की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संगीत एवं मंच कला संकाय के डॉ. ओंकारनाथ ठाकुर प्रेक्षागृह की व्यवस्थाएं देखीं। रजिस्ट्रार व अन्य अधिकारियों के साथ विचार विमर्श किया।
मिस्टर फेयरवेल बने शिवांशु, मिस फेयरवेल सालवी
ज्ञानदीप इंग्लिश स्कूल में कक्षा 12 के छात्र-छात्राओं के लिए विदाई समारोह हुआ। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने स्कूल की यादों को सबसे साझा किया। समारोह में कई तरह के विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में शत प्रतिशत उपस्थिति का पुरस्कार सुनिधि सिंह, सर्वाधिक सहयोगी छात्र का सम्मान यज्ञ रत्ना को मिला।
विशाल सिंह को भी सम्मानित किया गया। मिस्टर फेयरवेल शिवांशु पांडेय और मिस फेयरवेल सालवी सिंह बनीं। विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. आरबी सिंह ने छात्रों को शुभकामनाएं दीं। प्रबंध निदेशक डॉ. नीलम सिंह ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वरिष्ठ अध्यापक विजय मिश्रा ने तनावमुक्त परीक्षा के टिप्स दिए।
रंगोली में विजयलक्ष्मी की टीम प्रथम
आर्य समाज के संस्थापक स्वामी दयानंद सरस्वती की जयंती की पूर्व संध्या पर आयोजित रंगोली और पेंटिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बढ़चढ़कर भागीदारी की। विद्यार्थियों ने स्वामी दयानंद के संदेशों पर आधारित रंगोली सजाई तो पेंटिंग में भी एक से बढ़कर एक आकर्षक चित्र बनाए। डीएवी पीजी कॉलेज के आईक्यूएसी के तहत सांस्कृतिक समिति, राष्ट्रीय कला मंच के तत्वावधान में आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में विजयलक्ष्मी दास, ऋजु नामदेव और स्वाधीनता गुप्ता की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं द्वितीय स्थान पर प्राची एवं खुशी और तृतीय स्थान पर प्रशांत, विपिन व सुमित की टीम रही। ग
निजीकरण के विरोध में किया प्रदर्शन
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति, उत्तर प्रदेश के आह्वान पर निजीकरण के विरोध में बिजली कर्मियों ने विरोध प्रदर्शन किया। संघर्ष समिति ने कहा है कि निजीकरण के लिए आगे बढ़ने के पहले ग्रेटर नोएडा और आगरा के निजीकरण का श्वेत पत्र जारी किया जाए। संघर्ष समिति ने कहा कि निजीकरण पूरे देश में एक विफल प्रयोग है। निजीकरण के पहले ग्रेटर नोएडा और आगरा की सच्चाई आम जनता के सामने आनी ही चाहिए। इस दौरान नरेंद्र वर्मा, एसके सिंह, वेदप्रकाश राय, रामकुमार झा, विजय सिंह आदि उपस्थित थे।
सफाई और पौधरोपण के बारे में किया जागरूक
आर्य महिला पीजी कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई ए और डी की ओर से मंगलवार को एकदिवसीय विशेष शिविर का आयोजन हुअा। इसका विषय सफाई और पौधरोपण था। जिसके अंतर्गत स्वयंसेविकाओं ने स्वच्छ भारत स्वस्थ भारत को बढ़ावा देने के लिए पार्कों की सफाई की और कूड़े का उचित निस्तारण किया। स्थानीय लोगों को सफाई के प्रति जागरूक किया। सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थाओं और सभी लोगों को इसके प्रति सचेत होना चाहिए। पेड़ लगाएंगे पर्यावरण बचाएंगे कार्यक्रम के तहत पार्क में आम, पीपल, नीम, अशोक, गुलमोहर जैसे पर्यावरण के अनुकूल पौधे लगाए गए।
उपचुनाव : बड़ागांव में 3 ने नाम वापस लिया
ग्राम प्रधान के उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची जारी कर दी गई है। सहायक चुनाव अधिकारी ने बताया कि तीन लोगों ने नाम वापस ले लिए हैं। अब छह प्रत्याशी मैदान में हैं, उन्हें चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए गए हैं।
काशी विद्यापीठ विकास खंड मुख्यालय पर नाम वापसी के दिन ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए किसी प्रत्याशी द्वारा नाम वापस नहीं लिया गया। एआरओ शैलेंद्र सोनकर ने बताया कि नरोत्तमपुर कला गांव से प्रधान पद के लिए चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। एआरओ ने बताया कि ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए घाटमपुर गांव के वार्ड नंबर 13 से विशाल व सुल्तानपुर गांव के वार्ड नंबर एक चंद्रावती को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
सरकार कर रही सपा कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न
सपा की ओर से सेवापुरी और रोहनिया विधानसभा में पीडीए पर चर्चा की गई। इसकी अध्यक्षता कर रहे सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने कहा कि पीडीए के कार्यक्रम से भाजपा घबराई हुई है। सरकार के इशारे पर पुलिस प्रशासन की ओर से पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर बयान देने पर हरीश मिश्रा के ऊपर सिगरा थाने में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। उनका अपराध यह है कि वे हमेशा सरकार के गलत नीतियों का विरोध सोशल मीडिया के माध्यम से करते रहते हैं।
किसान महाकुंभ के लिए प्रशासन दे अनुमति
किसान महाकुंभ की अनुमति देने के लिए अधिवक्ता समाज एवं किसान संगठनों ने मंगलवार को पुलिस उपायुक्त मुख्यालय पर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान किसान महाकुंभ के लिए अनुमति देने की मांग की। किसान नेता विनय शंकर राय मुन्ना ने कहा कि पिंडरा महोत्सव, तमिल संगमम् सहित कई कार्यक्रमों के लिए छूट दे दी गई थी। लेकिन महापुरुषों की जयंती सहित रचनात्मक पहल को पुलिस प्रशासन की रोकने की साजिश कर रही है। प्रेम प्रकाश सिंह गौतम और पूर्व महामंत्री प्रदीप राय, दीपक राय, अभय सिंह, आशीष सिंह, गगन प्रकाश यादव मौजूद रहे।
दर्शनार्थियों से भरी बोलेरो ट्रक में भिड़ी
फूलपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव के सामने सुबह साढ़े तीन बजे ट्रक और बोलेरो में भिड़ंत हो गई। हादसे में छत्तीसगढ़ निवासी सोनमत्ती देवी, अविनाश सिंह, शिवकुंती घायल हो गईं। उधर, रिंग रोड फेज-2 पर कोइराजपुर में मंगलवार की भोर तीन ट्रक टकरा गए। तीनों ट्रक राजातालाब से हरहुआ की ओर आ रहे थे। हादसे के बाद सबसे आगे चल रहे ट्रक का चालक वाहन लेकर भाग गया।
अब 15 फरवरी तक लगेंगे बारकोड
नगर क्षेत्र के सभी भवनों पर बारकोड लगाया जाना है। इसके सत्यापन का कार्य तीन बार टल चुका है। पहले 15 दिसंबर तक फिर 31 दिसंबर तक कार्य होना था। इसके बाद 31 जनवरी और अब 15 फरवरी तक काम करने की मियाद बढ़ाई गई। नए नियम के अनुसार डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए सभी भवनों पर क्यूआर कोड लगाए जाने हैं।
उपभोक्ता इस बार कोड को स्कैन कर कूड़ा उठने और न उठने की जानकारी देंगे। जिस घर से कूड़ा उठाया जाएगा, उसी के आधार पर निजी कंपनी को भुगतान किया जाएगा। रिकाॅर्ड के अनुसार कुल 2,20,734 भवनों पर क्यूआर कोड लगाया जाना है। अब तक 1,82,878 भवनों पर क्यूआर कोड लगा है। 37856 भवन अब भी ऐसे हैं जहां पर क्यूआर कोड नहीं लगा है। अब 15 फरवरी से मेयर अशोक कुमार तिवारी स्वयं अधिकारियों के साथ सत्यापन करेंगे। काम न करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके माॅनीटरिंग की जिम्मेदारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी को सौंपी गई है।
आयुर्वेदिक अस्पताल में स्वर्ण प्राशन बंद
राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल चौकाघाट में बच्चों के लिए शुरू स्वर्णप्राशन को बंद कर दिया गया है। ऐसे में बच्चों को इम्यूनिटी बूस्टर नहीं मिल पाएगा। बाल रोग विभाग की ओपीडी के गेट पर नोटिस चस्पा कर दिया गया है। स्वर्ण प्राशन के बंद होने की वजह तो नहीं बताई गई है, बजट न होने को मुख्य वजह माना जा रहा है।
जन्म से लेकर 16 साल तक के बच्चों के शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता बनाए रखने और बीमारियों से बचाए रखने के उद्देश्य से आयुर्वेदिक अस्पताल में हर पुष्य नक्षत्र पर बच्चों को निशुल्क स्वर्ण प्राशन कराने की व्यवस्था शुरू की गई थी। इससे बच्चों के स्मरण शक्ति को भी बल मिलने की जानकारी चिकित्सक देते हैं। सरकारी अस्पताल की वजह से किसी तरह का कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा था जबकि बाजार में एक खुराक के लिए 500 रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं।
विटामिन डी की कमी से बच्चों को हो रहा रिकेट्स
बच्चों में विटामिन डी की कमी होने से रिकेट्स जैसी बीमारी हो रही है। मंडलीय अस्पताल के बाल रोग ओपीडी में रोजाना 4 से 5 बच्चों में यह समस्या देखने को मिल रही है। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ सीपी गुप्ता ने बताया कि रिकेट्स हडि्डयों से जुड़ी बीमारी है, जिसमें हड्डी नरम और कमजोर हो जाती है। इससे हड्डियों के टूटने का भी डर रहता है।
साथ ही ऐसी स्थिति में हॉर्मोन भी बढ़ जाता है, जिसकी वजह से बच्चों का शारीरिक विकास भी रुक जाता है। विटामिन डी की कमी होने के पीछे एक कारण बच्चों को ठीक से धूप ना मिलना भी है। बढ़ते फ्लैट कल्चर से बच्चों को पर्याप्त मात्रा में धूप से विटामिन डी नहीं मिल पाता है।
क्या है रिकेट्स : रिकेट्स यानी सूखा रोग ऐसी बीमारी है, जो छोटे बच्चों में होती है। इसकी वजह से बच्चों की हड्डी कमजोर हो जाती है। जिसकी वजह से बच्चों की हाइट भी नहीं बढ़ पाती है, साथ मांसपेशियों में दर्द, चलते-फिरते हड्डियों का टकराना जैसी समस्या होती है। ऐसे में बच्चों को धूप दिखाने के साथ विटामिन डी युक्त खाद्य पदार्थ खाना चाहिए।
जय भारत मंच काशी प्रांत के मंत्री बने सुजीत
जय भारत मंच (आरएसएस) काशी प्रांत का मंत्री सुजीत गुप्ता को बनाया गया। आरएसएस के इंद्रेश कुमार और जय भारत मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पराज तिवारी ने अर्दली बाजार निवासी सुजीत गुप्ता को यह जिम्मेदारी सौंपी है। काशी प्रांत के महामंत्री संपूर्णानंद पांडेय आदि ने शुभकामनाएं दीं।
कई क्षेत्रों में चार घंटे नहीं आएगी बिजली
खंभों की शिफ्टिंग और पेड़ों की कटाई की वजह से बुधवार को चार घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। उदयपुर उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक बिजली नहीं आएगी। दौलतपुर, पांडेयपुर उपकेंद्र पर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। गोईठहां उपकेंद्र के मवैया फीडर से जुड़े क्षेत्रों में भी दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक बिजली नहीं आएगी।
आज भी दोपहर दो बजे तक चलेगी ओपीडी
सार्वजनिक अवकाश के बीच बुधवार को सभी सरकारी अस्पताल, स्वास्थ्य केंद्र खुले रहेंगे। सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक ओपीडी चलेगी। यह फैसला महाकुंभ से पलट प्रवाह की वजह से लिया गया है। सार्वजनिक अवकाश पर अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों की ओपीडी सुबह 8 से दोपहर 12 बजे तक ही चलती है। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर फैसला लिया है।
अधिकतम तापमान 2.3 डिग्री ज्यादा
धूप की वजह से मौसम बदल गया। अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह भी सामान्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। हालांकि बुधवार से मौसम में बदलाव के आसार हैं। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव का कहना है कि बुधवार से नम पछुआ हवाएं चल सकती हैं। इससे तापमान में उतार-चढ़ाव संभव है।
सैनिक बंधु की बैठक 17 फरवरी को
जिला सैनिक बंधु की बैठक 17 फरवरी को राइफल क्लब सभागार में होगी। इसकी अध्यक्षता डीएम एस राजलिंगम करेंगे। जिला सैनिक कल्याण व पुनर्वास अधिकारी ग्रुप कैप्टन अशोक पांडेय ने बताया कि सभी भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों, दिवंगत सैनिकों की पत्नियां अपने भूमि विवाद, पुलिस सुरक्षा, बैंक से ऋण, पेंशन, शिक्षा, चिकित्सा, आर्थिक अनुदान के लिए 15 तक आवेदन जमा करा सकती हैं।
विद्यापीठ में शोध की बैठक स्थगित
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के ललित कला विभाग में 13 फरवरी को होने वाली शोध समिति की बैठक स्थगित कर दी गई है। विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि महाकुंभ के मद्देनजर होने वाली भीड़ की वजह से निर्णय लिया गया है। सूचना विभाग में चस्पा करवा दी गई है।
बीएचयू में 11 सदस्यीय समिति करेगी दाखिला
बीएचयू में शैक्षणिक सत्र 2024-25 में दाखिले को लेकर विश्वविद्यालय स्तर पर 11 सदस्यीय केंद्रीय प्रवेश समिति का गठन किया गया है। समिति पर यूजी, पीजी के साथ ही शोध में दाखिले की निगरानी की जिम्मेदारी है। महिला महाविद्यालय से सर्वाधिक तीन शिक्षकों का नाम इसमें है। जबकि छह अन्य विभागों के शिक्षक भी सदस्य बनाए गए हैं। विश्वविद्यालय में केंद्रीय प्रवेश समिति के देखरेख में दाखिले की प्रक्रिया कराने का निर्णय लिया गया है।
महिला महाविद्यालय से प्रो. भास्कर भट्टाचार्य को अध्यक्ष बनाया गया है। मनोविज्ञान विभाग से प्रो. राकेश पांडेय, सांख्यिकी से प्रो. जीपी सिह, केमिस्ट्री से प्रो. राजेश कुमार, लॉ से प्रो. रजनीश कुमार सिंह, एमएमवी के जियोग्राफी सेक्शन डॉ. सबीना बानो, वाणिज्य संकाय से डॉ. चिन्मय राय, एमएमवी के बंगाली विभाग से डॉ. उत्तम गिरी, इकोनामिक्स से डॉ. अनीशा गुप्ता और असिस्टेंट रजिस्ट्रार अजय राय को सदस्य बनाया गया है।
असिस्टेंट रजिस्ट्रार एकेडमिक प्रशांत को सदस्य सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। डिप्टी रजिस्ट्रार एकेडमिक की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है। यूजी, पीजी, शोध में प्रवेश के लिए जारी होने वाली बुलेटिन को डिजाइन करने, प्रवेश प्रणाली और प्रक्रियाओं से अवगत कराने की जिम्मेदारी समिति पर रहेगी।
युवाओं को ब्रिटेन में शिक्षा, रोजगार और प्रवास की सुविधा मिलेगी
ब्रिटेन में भारतीय युवाओं को पढ़ाई, रोजगार और रहने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। ब्रिटेन-भारत युवा पेशेवर योजना (वाईपीएस) में अगले हफ्ते से आवेदन की शुरुआत होगी। प्रक्रिया 18 फरवरी से शुरू होकर 20 फरवरी को समाप्त होगी। ब्रिटिश उच्चायोग ने यहां एक बयान में कहा कि 18 से 30 साल के भारतीय नागरिकों को इसके लिए gov.uk पर आवेदन करना होगा। इस योजना के तहत 3000 आवेदकों को ब्रिटेन जाने का अवसर मिलेगा।
बयान में कहा गया है कि आवेदकों को इसके लिए कोई फीस नहीं देनी होगी और इस योजना में सफल आवेदकों का चयन क्रम रहित (रैंडम) किया जाएगा। बयान में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि ब्रिटेन की यात्रा करने की तारीख को आवेदकों की उम्र 18 वर्ष होनी चाहिए।
इसके अलावा उनकी शैक्षिक योग्यता ब्रिटेन की स्नातक डिग्री के बराबर या उससे ऊपर होनी चाहिए। इसके अलावा आवेदन करने से पहले सभी आवेदकों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि वे सभी जरूरी योग्यता को पूरा कर रहे हों। इस योजना की शुरुआत फरवरी 2023 में हुई थी। ब्रिटेन-भारत युवा पेशेवर योजना दोनों देशों के युवाओं के लिए परस्पर आदान-प्रदान से संबंधित है।
इसके तहत दोनों देशों के 18 से 30 वर्ष के युवा दो वर्षों तक एक दूसरे देश में रहने, अध्ययन और काम करने के लिए आ-जा सकते हैं। योजना के लिए चुने गए आवेदकों को ईमेल के जरिये दो हफ्तों में सूचित किया जाएगा और उसके बाद वह वीजा के लिए आवेदन दे सकते हैं और संबंधित वीजा शुल्क जमा करा सकते हैं। 2023 में इस योजना के तहत 2100 से ज्यादा भारतीयों को वीजा जारी किया गया था।
जेईई मेन : 99 परसेंटाइल पाने वाले ज्यादा
इंजीनियरिंग कॉलेजों और आईआईटी, एनआईटी में दाखिले के लिए जनवरी में करवाई गई संयुक्त प्रवेश परीक्षा-मुख्य 2025 (जेईई मेन) का परिणाम मंगलवार को जारी कर दिया गया। काशी के छात्रों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर अगले चरण के लिए क्वालिफाई किया। 99 परसेंटाइल पाने वालों की संख्या अधिक रही।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से 22 से 29 जनवरी तक जेईई मेन में वाराणसी के 10 हजार विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया था। परिणाम जारी होने के बाद 99 परसेंटाइल पाने वालों की संख्या अधिक रही। दोपहर बाद एनटीए की ओर से परिणाम की घोषणा तो कर दी गई, लेकिन शुरुआती समय में सर्वर सही न चलने की वजह से छात्रों को इंतजार करना पड़ा।
उधर, अलग-अलग कोचिंग संस्थानों से जुड़े लोग भी अपने अपने छात्रों के प्रदर्शन करने की जानकारी में लगे रहे। शाम 6 बजे जब सर्वर सही हुआ, तब जाकर छात्रों ने राहत की सांस ली। वाराणसी के तुषार रघुवंशी ने 99.97 परसेंटाइल के साथ परीक्षा पास की। हर्ष कुमार वर्मा को 99.90, सिद्धार्थ संजय श्रीवास्तव को 99.89, हिमांशु मौर्या ने 99.86 परसेंटाइल के साथ सफलता अर्जित की। पहले चरण में सफल छात्र अब अप्रैल में होने वाली दूसरे चरण की परीक्षा की तैयारी में जुट गए हैं।
केवी के विद्यार्थियों ने आईटीआई का किया भ्रमण
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) करौंदी में मंगलवार को केंद्रीय विद्यालय कंचनपुर के विद्यार्थियों ने दौरा किया। विद्यार्थियों ने आईटीआई की महत्ता, प्रशासनिक व मैकेनिज्म के बारे में बारीकी से जानकारी ली। विद्यार्थियों से बातचीत कर टूल, मशीनरी, इक्विपमेंट व फर्नीचर के बारे में जानकारी ली।
विद्यार्थियों ने संस्था की लैब में रखी मशीनों को देखा और महत्व जाना। शिक्षकों ने बताया कि कैसे मशीनों की मदद से आईटीआई के विद्यार्थी ट्रेनिंग लेकर फैक्ट्री में काम करने जाते हैं। शिक्षकों ने कार्यशाला में जानकारी दी। इसके बाद विद्यार्थियों का ग्रुप स्किल इंडिया के कार्यालय पहुंचा, जहां उन्हें अलग-अलग भाषा की तैयारी कर रहे छात्रों से मिलवाया गया। इस दौरान मनोज कुमार, हेमंत कुमार, संतोष ठाकुर, शुभम मौजूद रहे।
फार्मेसी में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग का मौका
पढ़ाई का आधा सत्र निकल गया है, लेकिन अभी पॉलिटेक्निक के फार्मेसी पाठ्यक्रम में प्रवेश पूरा नहीं हो सका है। राजकीय, अनुदानित और निजी पॉलिटेक्निक में संचालित डिप्लोमा इन फार्मेसी पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को एक और मौका दिया गया है। चयन सूची में नाम होने के बावजूद जो विद्यार्थी ऑनलाइन काउंसिलिंग नहीं करा सके हैं, वह 12 से 13 फरवरी तक करा सकेंगे।
प्राविधिक शिक्षा परिषद के आदेश के अनुसार, नए प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं के लिए मौका है। परिषद की वेबसाइट पर छात्र-छात्राओं के नामांकन की प्रक्रिया के लिए 12 से 13 फरवरी रात 12 बजे तक पोर्टल खोला जाएगा। इससे छात्रों को काफी फायदा मिलेगा और वह दाखिले से वंचित नहीं रहेंगे।
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय।
- फोटो : अमर उजाला
शिविर की जानकारी व्यावहारिक जीवन में उपयोगी
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में बीएड विभाग में चल रहे स्काउट गाइड के साप्ताहिक शिविर का समापन मंगलवार को हुआ। कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने बताया कि छात्र जीवन में शिविर में मिलने वाली जानकारी व्यावहारिक जीवन में उपयोगी होती है। ऐसे में विद्यार्थियों को पूरे मनोयोग के साथ सहभागिता करनी चाहिए। कुलपति ने कहा कि स्काउट गाइड के प्रशिक्षण से विषम परिस्थिति में समाज के साथ मिलकर काम करने की जानकारी मिलती है।
पता चलता है कि हम लोगों की मदद किस तरह कर सकते हैं। बीएड विभाग की डॉ. विशाखा शुक्ला ने कहा कि स्काउट गाइड का उद्देश्य समाज सेवा, राष्ट्रीयता और आत्म अनुशासन की भावना का विकास करना होता है। इसी उद्देश्य से साप्ताहिक शिविर लगाया गया। कार्यक्रम में आधुनिक ज्ञान विज्ञान संकाय अध्यक्ष प्रो. विधु द्विवेदी ने शिविर के उद्देश्यों के बारे में बताया।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ।
- फोटो : अमर उजाला
17 से होंगी सेमेस्टर परीक्षाएं
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में महाकुंभ की भीड़ को देख पिछले दिनों टाली गई सेमेस्टर परीक्षा अब 17 फरवरी से होगी। इसकी समय सारिणी वेबसाइट पर अपलोड करवा दी गई है। कैंपस में पार्किंग स्थल बनाया गया है। यहां श्रद्धालु रुक रहे हैं। स्नातकोत्तर समाजशास्त्र, मनोविज्ञान, राजनीति विज्ञान तृतीय सेमेस्टर, एलएलबी पंचम सेमेस्टर और बीए एलएलबी नवम सेमेस्टर की परीक्षा 17 से होगी।
एमए एसआरडी तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा 20 फरवरी से शुरू होगी। बीएससी (टेक्सटाइल एंड हैंडलूम) तृतीय और पंचम सेमेस्टर की परीक्षाएं भी 17 फरवरी से कराई जाएंगी। एलएलएम चतुर्थ सेमेस्टर और एलएलबी तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा 18 फरवरी से होगी। परीक्षा विभाग की ओर से कहा गया है कि परीक्षा संबंधी अन्य जानकारी विभाग से ली जा सकती है।
काशी विद्यापीठ के छात्रों को अप्रेंटिस का मौका मिलेगा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और कानपुर उत्तरी क्षेत्र के शिक्षुता प्रशिक्षण बोर्ड के बीच शैक्षणिक समझौता हुआ है। विश्वविद्यालय के छात्रों को बोर्ड में अप्रेंटिस ट्रेनिंग का मौका मिलेगा।
दोनों संस्थानों के बीच एमओयू हुआ। एमओयू में कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी और शिक्षुता प्रशिक्षण बोर्ड उत्तरी क्षेत्र के निदेशक विवेक कुमार, कार्यवाहक कुलसचिव दीप्ति मिश्रा, आउटरीच निदेशक प्रो. संजय ने हस्ताक्षर किया। बताया गया कि शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा एनएटीएस के अंतर्गत अब इंजीनियरिंग डिप्लोमा और स्नातक के अतिरिक्त अन्य विधाओं में उत्तीर्ण स्नातक को अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग के लिए निर्देश जारी किया गया है।
केंद्र सरकार की ओर से प्रशिक्षण बोर्ड द्वारा उद्योगों एवं संस्थानों को अप्रेंटिसशिप अधिनियम, 1961 का लाभ देने और स्नातक उत्तीर्ण युवाओं को अवसर दिया जाता है। कार्यक्रम में शिक्षुता प्रोत्साहन योजना, काशी विद्यापीठ के नोडल अधिकारी प्रो. रमाकांत सिंह मौजूद रहे।