प्रदेश के आठ विश्वविद्यालयों को शासन से 42.55 करोड़ रुपये का नए साल का तोहफा मिला है। राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रुसा) के तहत मिली धनराशि से विश्वविद्यालयों में शिक्षण सुविधाएं बढ़ेंगी।
काशी विद्यापीठ को दूसरी किश्त के रूप में 5.21 करोड़ रुपये मिले हैं। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय को पहली किश्त के रूप में 6.51 करोड़ रुपये मिले हैं। किन्हीं कारणों से संस्कृत विवि को अन्य विश्वविद्यालयों के साथ पहली किश्त जारी नहीं हो सकी थी।
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय को भी दूसरी किश्त के रूप में शासन से 5.21 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।विश्वविद्यालयों के शैक्षिक और परीक्षा प्रणाली में सुधार, शोध के क्षेत्र में नवीनता लाने के उद्देश्य से 2013 में शुरू इस अभियान को केंद्र सरकार के सहयोग से चलाया जा रहा है।
इस धनराशि से संकायों में छात्र सुविधाओं के साथ ही जरूरी व्यवस्थाएं मुहैया कराई जाती हैं। इस बीच नए साल से पहले ही सरकार ने विश्वविद्यालयों को एक मुश्त 42 करोड़ 55 लाख 91 हजार 246 रुपये जारी कर दिया है।
अभियान के निदेशक जितेंद्र मिश्र ने बताया है कि धनराशि विश्वविद्यालयों की ओर से खोले गए रुसा के खाते पीएफएमएस के माध्यम से जारी की जाएगी।
इन विश्वविद्यालयों को मिला इतना
संस्कृत विवि 6,51,00000
काशी विद्यापीठ 5,21,70,415
पूर्वांचल विवि जौनपुर 5,21,70,417
लखनऊ विवि 5,21,70,415
बुंदेलखंड विवि झांसी 5,21,70,415
अंबेडकर विवि आगरा 474,687,50
शाहू जी महाराज विवि कानपुर 5,21,70,415
रुहेलखंड विवि बरेली 5,21,70,417