बाबतपुर एयरपोर्ट से नेपाली मंदिर तक जगह-जगह दोनों देशों के बच्चे हाथ में झंडे लेकर खड़े हैं। नेपाल के पीएम जिन-जिन मंदिरों में गए, उन सभी को फूल-मालाओं से सजाया गया। नेपाली मंदिर को भी प्रशासन अपनी ओर से सजाया गया।
नेपाल के प्रधानमंत्री के वाराणसी आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। एयरपोर्ट से शहर तक के रास्ते में स्कूली छात्रों और सामाजिक संस्थाओं की ओर से उनका स्वागत रास्ते भर किया गया। सर्किट हाउस के ठीक सामने लगे मंच पर अयोध्या से आए कलाकारों ने पारंपरिक ड्रेस में लोक नृत्य प्रस्तुत किया।
इसी मंच पर ललितपुर से आए कलाकार धर्मेंद्र कुमार ने बुंदेली सांस्कृतिक कार्यक्रम और पारंपरिक राई नृत्य करके नेपाली प्रधानमंत्री सहित यूपी के सीएम का स्वागत किया। इस दौरान सभी कलाकारों के हाथों में भारतीय और नेपाली झंडे फहरते रहे। यह पूरा आयोजन संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश की ओर से किया गया।
सरायकाजी बस स्टैंड पर सोनभद्र के आदिवासियों ने लोकनृत्य कर नेपाल के पीएम का वेलकम किया। तरना स्थित सेठ जयपुरिया स्कूल के गेट पर नटवरी लोक नृत्य, संत अतुलानंद तिराहा पर सोनभद्र का ही आदिवासी नृत्य, सर्किट हाउस पर बुंदेलखंड का राई नृत्य, पुलिस लाइन चौराहा पर अवध का धोबिया और पूर्वांचल का फरुवाही लोक नृत्य से कलाकारों ने पीएम देउबा का स्वागत किया।