कचनार में रुपचंद कटरा में भूतल और पहली मंजिल पर कपड़े, कोल्ड ड्रिंक, चिप्स के गोदाम में लगी आग
विज्ञापन
एक घंटे की देरी से पहुंचे फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों ने दो घंटे में पाया आग पर काबू संवाद न्यूज एजेंसी रोहनिया। राजातालाब थाना क्षेत्र के कचनार में रूपचंद कटरा में बृहस्पतिवार सुबह कपड़े की बंद दुकान और कोल्ड ड्रिंक, चिप्स के गोदाम में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। दूसरी ओर तीसरी मंजिल पर मकान मालिक, किरायेदार समेत 20 लोग फंस गए। पड़ोसियों ने रेस्क्यू कर एक महीने की बच्ची समेत आठ लोगों को बांस की सीढ़ी की मदद से बाहर निकाला। एक घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों ने दो घंटे बाद आग पर काबू पाया। बाकी सबको भी धीरे-धीरे बचाया गया। इस दौरान सड़क पर यातायात रोक दिया गया। कचनार में रुपचंद कटरा में भवन स्वामी बुधनी देवी के दो बेटों श्याम सुंदर गुप्ता व मनोज कुमार गुप्ता का भूतल और तीन मंजिला मकान है। श्याम के बेटे अनिल गुप्ता की पहली मंजिल पर कपड़े की दुकान पिछले एक साल से बंद है। बाबू केशरी, संदीप केशरी का कोल्डड्रिंक और चिप्स का गोदाम है। पहली मंजिल पर केशव फिजियो भी चलता है। दूसरी मंजिल पर मनोज का परिवार और तीसरे पर किरायेदार रहते हैं। सुबह 10 बजे बंद दुकान से धुआं उठता देख लोग कुछ समझ पाते तब तक आग विकराल हो गया। केशव फिजियो सेंटर से डाॅ. जितेंद्र पटेल, डॉ. सुजाता सिंह, किशन सिंह बाहर निकले।
विज्ञापन
दूसरी मंजिल तक आंच पहुंची तो मां बुधनी देवी, मनोज कुमार गुप्ता, पत्नी किरण गुप्ता, बहू प्रीति भी फंसी लेकिन किसी तरह सीढ़ी से नीचे उतर गईं। तीसरी मंजिल पर जंसा के दीनदासपुर निवासी महिला किरायेदार छोटे-छोटे बच्चों के साथ फंस गईं। नीचे सीढ़ी पर इतना धुआं भर गया कि महिलाएं और बच्चे नहीं उतर सके और जान बचाने के लिए वह सभी छत पर पहुंचकर राहत बचाव को लेकर शोर मचाई। फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना देते हुए स्थानीय आशीष जायसवाल, राजकुमार गुप्ता, रहीम हाशमी, अनिल मोदनवाल, विशाल पटेल, बब्बू पटेल तुरंत विद्युत उपकेंद्र राजातालाब से सीढ़ी लेकर घटनास्थल पर पहुंचे और राजकुमार सटे मकान से बांस की सीढ़ी लगाकर छत पर फंसे बच्ची समेत आठ लोगों को सुरक्षित उतारा। नेहा सिंह (30), श्रद्धा सिंह (35) और एक माह की बेटी लाडो, आर्यन (4), साक्षी (9), पक्षी (3) आयु (6) शामिल रहे। कमरे में रखा चार घरेलू गैस सिलिंडर, एक छोटा सिलिंडर को भी बाहर निकाला गया। ताकि आग सिलिंडर तक न पहुंच सके। एक घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड ने प्रेशर से पानी की बौछार मारना शुरू किया तो 30 मिनट में ही पानी खत्म हो गया। इस पर लोगों ने नाराजगी जताई। आसपास के लोगों ने सबमर्सिबल से पानी फेंकना शुरू किया। फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां पहुंची और आग पर धीरे-धीरे काबू पाना शुरू किया। आग के चलते बाजार में भीड़ लग गई। पुलिस ने राजातालाब-जक्खिनी मार्ग पर यातायात रोका। घटनास्थल पर उपजिलाधिकारी शांतनु सिनसिनवार, डीसीपी गोमती नीतू कत्यायन, एडीसीपी नृपेन्द्र, सीएफओ आनंद सिंह राजपूत, एसीपी राजातालाब अजय श्रीवास्तव पहुंचे। परिजनों से जानकारी ली। सीएफओ आनंद सिंह राजपूत ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से आग लगने की पुष्टि हुई है। लगा जान नहीं बचेगी, देवदूत बनकर आए पड़ोसी किरायेदार विवेक सिंह की पत्नी श्रद्धा सिंह ने बताया कि ऊपर कमरे में धुआं भर रहा था। किसी तरह एक महीने की बेटी समेत छोटे बच्चों को लेकर छत पर पहुंची। समझ गए थे कि अब जान नहीं बचेगी। बच्चे काफी घबरा गए और रोने लग गए। पड़ोसी भगवान बनकर आए। राजकुमार ने अपने मकान से सीढ़ी लगाकर सुरक्षित निकाला। सूचना मिलते ही दीनदासपुर जंसा से बच्ची की दादी भी पहुंच गईं। लाडो को गोद में लेकर बिलख पड़ीं। पड़ोसियों का हाथ जोड़कर आभार जताया। श्रद्धा के दो बच्चे आयुष्मान 6 और गुनगुन 9 स्कूल गए थे। घर लौटे तो मकान की हालत देख दोनों डर गए। विधायक ने आर्थिक सहायता का दिया भरोसा रोहनिया विधायक डाॅ. सुनील पटेल, सेवापुरी विधायक प्रतिनिधि अदिति पटेल, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डाॅ. महेंद्र पटेल ने घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ितों से जानकारी ली। विधायक ने पीड़ित परिजनों को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। आधा किलोमीटर तक दिखा धुआं मकान से उठते धुएं के गुब्बार को देख पूरा गांव एकजुट हो गया। आधा किलोमीटर दूर तक धुआं दिख रहा था। आसपास के मकानों से सबमर्सिबल से पानी की बौछार की जा रही थी। रह-रहकर धुआं इतना तेज उठ रहा था कि उस दायरे में आसमान भी काला पड़ गया था। बाजार में लोगों के कदम ठिठक गए और आसपास से लोगों को पुलिस ने हटाया। यातायात रोका गया। जंसा थाने पर एक गाड़ी हमेशा रहेगी एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र ने बताया कि आग की घटनाओं को देखते हुए जंसा थाने पर फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी खड़ी रहेगी। शुक्रवार से यह व्यवस्था शुरू हो जाएगी। ताकि आग लगने पर तुरंत फायर ब्रिगेड पहुंच सके।
मकान में शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी। द्वितीय व तृतीय तल आवासीय था। भूतल व पहली मंजिल का व्यावसायिक उपयोग है। प्रथम तल पर कपड़ों के फैमिली स्टोर और अन्य कमरे में कोल्ड ड्रिंक और चिप्स का स्टॉक रखा था। भवन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फायर सर्विस की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाया। - नीतू कात्यायन, डीसीपी गोमती जोन