जांच के दौरान पुलिस को मृतका के पड़ोस में रहने वाली एक युवती पर शक हुआ। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो घटना का खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार आरोपी युवती का मृतका के घर अक्सर आना-जाना था। इसी दौरान उसे जानकारी हुई कि घर में रुपये बेड के नीचे रखे जाते हैं।
पुलिस के अनुसार 20 अगस्त को आरोपी चोरी की नीयत से घर में दाखिल हुई और रुपये निकालने लगी। इसी दौरान महिला ने उसे देख लिया। विरोध करने पर दोनों के बीच हाथापाई हुई। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान महिला चारपाई के पाए से टकराकर बेहोश हो गई। पकड़े जाने के डर से आरोपी ने किचन में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से महिला का गला रेत दिया और मौके से फरार हो गई।
एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के सिर पर चोट की पुष्टि हुई है। पुलिस के अनुसार हत्या से पहले महिला के बेहोश होने के कारण संघर्ष नहीं हुआ, जिससे आरोपी के हाथों और कपड़ों पर अधिक खून नहीं लगा।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने वारदात में प्रयुक्त चाकू घर के पास करकट में छिपा दिया था। उसकी निशानदेही पर चाकू बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों के घर चंद कदम की दूरी पर होने के कारण आरोपी को मृतका के घर और रुपये रखे जाने की जानकारी थी।